मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपनी जापान यात्रा के दौरान यहां के लोगों के दिलों में जगह बना ली है। उनके सरल-सहज-आकर्षक व्यक्तित्व ने लोगों को खूब आकर्षित किया। जापान की यात्रा के चौथे दिन यानी आज शुक्रवार 31 जनवरी को जब मुख्यमंत्री डॉ. यादव इम्पीरियल होटल से चेक-आउट कर रहे थे, तब होटल के पूरे मैनेजमेंट-स्टाफ ने उन्हें अनोखी विदायी दी। मैनेजमेंट और स्टाफ ने सीएम डॉ. यादव की रवानगी के मौके पर बड़ी देर तक तालियां बजाईं, उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं। डॉ. यादव का काफिला वहां से रवाना होने तक लोग वहीं खड़े रहे। लोग जापानी अंदाज और भाषा में उन्हें विदाई दे रहे थे।
इम्पीरियल होटल मैनेजमेंट ने कहा डॉ. मोहन यादव जैसे सरल व्यक्तित्व कभी-कभी ही यहां ठहरने आते हैं। उनके साथ इतने दिन बिताकर कभी ये नहीं लगा कि हम किसी मुख्यमंत्री से बात कर रहे हैं। उन्होंने उन्हें कभी यह अहसास नहीं होने दिया कि वे वीआईपी हैं। हमने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाई हैं। यह तस्वीरें हम हमेशा अपने पास रखेंगे।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव
यात्रा के चौथे दिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कई अहम बैठकें करेंगे। वे गवर्नमेंट-टू-गवर्नमेंट (G2G) और बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) बैठकों में अधिकारियों-उद्योगपतियों से बातचीत करेंगे। इस चर्चा के दौरान मध्य प्रदेश के औद्योगिक विकास और जापान के साथ व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने पर फोकस किया जाएगा। डॉ. यादव अधिकारियों और प्रमुख उद्योगपतियों से मिलकर राज्य में निवेश और टेक्नोलॉजी पर बातचीत करेंगे।

जापान में MP के सीएम मोहन यादव
इसके बाद मुख्यमंत्री क्योटो में सांस्कृतिक-ऐतिहासिक स्थलों का दौरा भी करेंगे। इस दौरान वे मध्य प्रदेश में पर्यटन-सांस्कृतिक साझेदारी पर भी उच्च अधिकारियों से चर्चा करेंगे। यहां भी व्यापारिक प्रतिनिधियों और उद्योगपतियों के साथ उनकी मुलाकातें होंगी। इन मुलाकातों में राज्य के विभिन्न उद्योगों, जैसे आईटी, मैन्युफैक्चरिंग और पर्यटन पर अहम चर्चा होगी। इसके बाद सीएम यादव क्योटो के बाहरी इलाकों में स्थित कल्चरल स्पॉट का दौरा करेंगे। इस यात्रा के दौरान भी सांस्कृतिक साझेदारी को और बढ़ावा देने पर बातचीत होगी। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव क्योटो से टोक्यो के लिए शिंकांसेन ट्रेन से रवाना होंगे।
