Budhni, Vijaypur MP upchunav Result, (बुधनी, विजयपुर उपचुनाव परिणाम 2024) MP By Election Results Today Updates: मध्य प्रदेश में बुधनी और विजयपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना पूरी हो चुकी है। बता दें कि विजयनगर सीट पर कांग्रेस को जीत मिली है तो वहीं बुधनी सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत का सिलसिला जारी रखा है। बुधनी सीट पर भाजपा प्रत्याशी रमाकांत भार्गव ने 13901 वोटों से जीत दर्ज की है। रमाकांत भार्गव को 107478 मिले तो वहीं कांग्रेस के राजकुमार पटेल को 93577 प्राप्त हुए।
बुधनी और विजयपुर उपचुनाव
गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सांसद चुने जाने के बाद बुधनी विधानसभा सीट से इस्तीफा दे दिया था, जबकि श्योपुर जिले में विजयपुर सीट पर कांग्रेस विधायक रामनिवास रावत के भाजपा में शामिल होने और विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद सीट खाली हो गई थी। इन दोनों सीटों पर हुए उपचुनाव में विजयनगर से कांग्रेस को जीत मिली है और बुधनी से रमाकांत भार्गव को जीत मिली है।
यहां पर पढ़ें लाइव अपडेट:
- बुधनी विधानसभा के सभी राउंड की काउंटिंग पूरी होने के बाद बीजेपी प्रत्याशी रमाकांत भार्गव ने जीत दर्ज की है।
- बुधनी विधानसभा के 13 में से 11 राउंड की गिनती पूरी होने के बाद बीजेपी प्रत्याशी रमाकांत भार्गव 10051 वोटों से आगे।
- विजयपुर से कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश मल्होत्रा ने दर्ज की जीत।
- मध्य प्रदेश के पूर्व ग्रह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का दावा- विजयपुर और बुधनी विधानसभा दोनों सीटों पर भाजपा दर्ज करेगी जीत।
- विजयपुर में कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश मल्होत्रा 4747 वोट से आगे चल रहे हैं।
- मध्य प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। बुधनी में भाजपा ने बढ़त हासिल की तो विजयपुर में बड़ा उलटफेर हो गया।
- मामा शिवराज के करीबी रमांकात भार्गव ने वापसी करते हुए भाजपा को बढ़त दिलाई है। तीसरे राउंड में 1809 वोटों से आगे हैं।
- एक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि बुधनी में मतगणना कुल 13 दौर में पूरी होगी, जबकि विजयपुर सीट पर मतगणना के लिए कुल 21 दौर होंगे।
- बुधनी और विजयपुर दोनों ही विधानसभा सीटों पर भाजपा आगे चल रही है।
- 11वें राउंड में विजयपुर में भाजपा प्रत्याशी रामनिवास रावत 6098 वोटों से आगे
- बुधनी में दूसरी राउंड की काउंटिंग तक कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार पटेल को 17084, जबकि भाजपा के रमांकांत भार्गव को 16,131 वोट मिले।
- चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक, बुधनी में धीरे-धीरे कांग्रेस और भाजपा के बीच वोट का अंतर कम हो रहा है।
- चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक, मामा के गढ़ बुधनी से कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार पटेल, भाजपा उम्मीदवार रमाकांत भार्गव से 6481 वोट से आगे चल रहे हैं।
- विजयपुर में चौथे राउंड की गिनती पूरी। भाजपा के रामनिवात रावत आगे।
- विजयपुर में पलटी बाजी। भाजपा ने कांग्रेस को पछाड़ा।
- शुरुआती रुझानों में बुधनी विधानसभा सीट से कांग्रेस को बड़ी बढ़त, 7000 वोटों से आगे।
- विजयपुर और बुधनी से कांग्रेस आगे, भाजपा पिछड़ी।
कहां से कौन लड़ रहा चुनाव
भाजपा ने बुधनी से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के करीबी रमाकांत भार्गव को, जबकि कांग्रेस ने राजकुमार पटेल को मैदान में उतारा था। इस बार बुधनी विधानसभा सीट से 20 उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई थी। बुधनी सीट से पांच बार विधायक चुने गए शिवराज सिंह चौहान की प्रतिष्ठा दांव पर लगी थी। भले ही वह चुनाव नहीं लड़ रहे हैं, लेकिन बुधनी सीट भाजपा का मजबूत गढ़ है।
विजयपुर सीट की बात की जाए तो राज्य के वन मंत्री रामनिवास रावत का सीधा मुकाबला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुकेश मल्होत्रा के साथ था।
