भोपाल

भोपाल: जरूरी खबर! चार दिन लगेंगे कोविड के टीके, लेक सिटी में बनाए इतने सेंटर, जाने पूरी डिटेल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 30, 2023, 01:24 PM IST

Bhopal: कोविड टीकाकरण विशेष अभियान के तहत अब 2 फरवरी तक मुफ्त में कोरोना वैक्सीन लगेगी। सोमवार से शुरू किया गया कोविड वैक्सीनेशन विशेष अभियान 4 दिन तक चलेगा। नगर निगम के 85 वार्ड कार्यालयों में प्रातः 9 बजे से शाम चार बजे तक टीकाकरण होगा। वहीं राजधानी के 20 सरकारी अस्पतालों के अलावा 75 उप स्वास्थ्य केंद्रों में सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक टीकाकरण होगा। केंद्रों पर कोविशील्ड और कोवैक्सीन दोनों तरह के वैक्सीन की डोज भेजी गई है।

Image

भोपाल में 185 केंद्रों पर 4 दिन तक लगेगी कोरोना की बूस्टर डोज (सांकेतिक तस्वीर)

KEY HIGHLIGHTS
  • लेक सिटी में 2 फरवरी तक कोविड विशेष वैक्सीनेशन कैंपेन चलेगा
  • शहर में बनाए गए 185 केंद्रों पर मुफ्त लगेगी कोरोना की बूस्टर डोज
  • टीकाकरण केंद्रों पर दोनों ही तरह की वैक्सीन की डोज उपलब्ध रहेगी

Bhopal: राजधानी भोपाल के लोगों के लिए ये एक अहम खबर है, जिसे जानना जरूरी है। सूबे के स्वास्थय विभाग की ओर से कोविड टीकाकरण विशेष अभियान के तहत अब 2 फरवरी तक मुफ्त में कोरोना वैक्सीन लगेगी। फिलहाल ये सुविधा लेक सिटी में महज 20 केंद्रों पर ही थी।

मगर अब महकमे ने इसमें इजाफा करते हुए वैक्सीनेशन के लिए 185 केंद्रों पर टीकाकरण की सुविधा शुरू की है। बता दें कि, इन सभी केंद्रों पर सोमवार से शुरू किया गया कोविड वैक्सीनेशन विशेष अभियान आगामी 2 फरवरी यानी 4 दिन तक चलेगा। जिसके तहत नगर निगम के 85 वार्ड कार्यालयों में प्रातः 9 बजे से शाम 4 बजे तक टीकाकरण होगा। वहीं राजधानी के 20 सरकारी अस्पतालों के अलावा 75 उप स्वास्थ्य केंद्रों में सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक कोरोनारोधी टीके लगाए जाएंगे।

अब तक 20 केंद्र पर लग रहे थे टीके

गौरतलब है कि, अब तक शहर में महज 20 केंद्रों पर ही कोविड वैक्सीनेशन किया जा रहा था। अब सोमवार से केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 185 कर दी गई है। इसके पीछे विभाग का तर्क है कि, बूस्टर डोज शहर के हर नागरिक को लगने से कोरोना की संभावित लहर आने का असर यहां ना के बराबर हो। महकमे के अधिकरियों के मुताबिक, इन सभी टीकाकरण केंद्रों पर कोविशील्ड व कोवैक्सीन के 50-50 डोज उपलब्ध करवाए जाएंगे। जिससे केंद्र पर टीकाकरण के लिए आने वाले सभी लोगों को बूस्टर डोज लगाए जा सकें।

नगर निगम अपलोड करेगा बूस्टर डोज की डिटेल

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, पूर्व में शहर के लोगों ने दोनों ही तरह के टीके लगवाए थे। यही वजह है कि, इस बार विशेष टीकाकरण अभियान के तहत वैक्सीनेशन केंद्रों पर आने वाले कोई परेशानी नहीं हो, इसके लिए कोविशील्ड और कोवैक्सीन दोनों तरह की वैक्सीन की डोज केंद्रों पर भेजी गई है। बता दें कि, बतौर बूस्टर डोज दोनों ही वैक्सीन की मांग रहती है। 4 दिवसीय कैंप के दौरान बूस्टर डोज लगाने में कोई अड़चन ना आए इसके लिए शहर के वार्ड कार्यालयों में बनाए गए केंद्रों में लगने वाले बूस्टर डोज की डिटेल कोविन पोर्टल पर अपलोड करने का जिम्मा नगर निगम के कार्मिकों को सौंपा गया है।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!