Bhopal: लेक सिटी भोपाल के लोगों के लिए ये एक अहम खबर है। शहर में पेयजल नेटवर्क में बदलाव कर इसे दुरुस्त करने के लिए 42 नए ओवरहेड टैंक बनाए जाएंगे। जिसके चलते शहर के लोगों की लो प्रेशर से पानी आने की शिकायत दूर हो जाएगी। वहीं नई कॉलोनियों के लिए पाइप लाइन बिछाने सहित पुरानी पाइप लाइन बदलने का काम भी होगा।
भोपाल में 457 करोड़ खर्च कर पेयजल व्यवस्था बेहतर की जाएगी (सांकेतिक तस्वीर)
विभागीय जानकारी के मुताबिक, समूचे शहर में करीब 600 किमी तक की नई पाइप लाइन बिछाई जाएगी। वहीं नेटवर्क के ऑटोमेशन के लिए स्काडा सिस्टम भी लगेगा। बता दें कि, पूरी प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए करीब 457 करोड़ रुपए खर्च होंगे। नगर निगम की ओर से केंद्र सरकार की अमृत-2.0 के तहत पेयजल नेटवर्क में होने वाले कार्यों की डीपीआर कर ली गई है। अब इसकी स्वीकृति के लिए नगरीय आवास एवं विकास विभाग भेजा गया है।
