Bhopal Accident: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बर्थडे पार्टी करके रेस्टोरेंट के बाहर निकला युवक सड़क हादसे का शिकार हो गया। इस हादसे में युवक की मौत हो गई। ये घटना ईटखेड़ी में एक रेस्टोरेंट के बाहर की है। बताया जा रहा है कि एक प्राइवेट कॉलेज के डिप्टी रजिस्ट्रार, राजेश अहिरवार (25), अपने दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी के बाद बाहर आकर बाइक पर बैठे ही थे, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। गंभीर हालत में दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार सुबह 4 बजे इलाज के दौरान राजेश अहिरवार की मौत हो गई।
तेज रफ्तार कार की टक्कर में एक युवक की मौत
पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे में घायल अन्य युवक की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। घटना के दौरान राजेश के साथ मौजूद उनके भांजे करण ने बताया कि वह सभी यादव ढाबा एण्ड रेस्टोरेंट में बर्थडे केक काटने और खाना खाने के बाद बाहर आए थे। राजेश अपनी बाइक पर बैठे थे, जबकि करण और उनके दोस्त दूसरी बाइक पर थे। अचानक कार एक तेज रफ्तार कार आई और उन्हें टक्कर मार दी। करण ने बताया कि टक्कर मारने के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
हादसे से परिवार मे मातम का माहौल
हादसे के बाद राहगीरों की मदद से राजेश और उनके साथी को अस्पताल पहुंचाया गया। बता दें कि राजेश के परिवार में दो छोटे भाई हैं और उनके माता-पिता है। राजेश के माता-पिता उनके लिए लड़की की तलाश कर रहे थे। हादसे में राजेश की आकस्मिक मौत की सूचना मिलते ही परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले में दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है और ड्राइवर की तलाश की जा रही है। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है।
