Bhopal: लेकसिटी भोपाल के लोगों के लिए ये एक अच्छी खबर है। शहर में एक नया रेलवे ओवर ब्रिज बनने की परियोजना को मंजूरी मिली है। बता दें कि, ये छोला आरओबी काली परेड से अयोध्या बायपास तक बनेगा। इस नए आरओबी के निर्माण में करीब 32 करोड़ 44 लाख रुपए लागत आएगी। इधर, आरओबी एनएच-7 सिवनी सिटी के लिए 126 करोड़ 40 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं। यह राशि केंद्रीय सड़क और अधो-संरचना कोष अधिनियम 2000 सेतु बंधन योजना में मंजूर की गई है।
गौरतलब है कि, केंद्र सरकार ने एमपी के 3 बड़े शहरों में रेलवे ओवर और अंडरब्रिज के निर्माण के लिए मंजूरी दी है। चार परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार की ओर से कुल 162.84 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है। जिसमें ये सभी प्रोजेक्ट पूरे होने हैं। बता दें कि, ये सभी परियोजनाएं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने सेतु बंधन योजना में स्वीकृत की हैं।
इन शहरों में भी प्रपोजल मंजूर
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने सेतु बंधन योजना में रेलवे अंडरब्रिज डबरा रेलवे स्टेशन के पास हरिशंकर पुरम् से महलगांव रेलवे ट्रैक ग्वालियर और मोहना रेलवे ओवरब्रिज ग्वालियर के प्रपोजल को भी मंजूरी दी है। एमपी के सानिवि मंत्री गोपाल भार्गव के मुताबिक, केंद्र सरकार की ओर से परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इससे एमपी के इन जिलों के विकास को गति मिलेगी। प्रदेश में बढ़ती सड़क व्यवस्था से देश की इकॉनोमी में प्रदेश अपनी अच्छी भूमिका निभाएगा।
