जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर में शनिवार को एक निर्माणाधीन फ्लाईओवर ब्रिज पर बड़ा हादसा हो गया। यहां काम करने के दौरान अचानक ही मलबा गिर जाने से 7 मजदूर दब गए। इसमें से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि अन्य घायल मजदूरों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। ये हादसा मदन महल चौराहे के पास बन रहे ब्रिज का है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू कर सभी को बाहर निकाला। इसके तुरंत बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
जबलपुर में निर्माणाधीन पुल का मलबा गिरने से एक मजदूर की मौत
जबलपुर के मुख्य पुलिस अधीक्षक रितेश कुमार ने बताया कि शिवाजी चौक के पास एक फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है। आज दोपहर के वक्त कुछ मजदूर गड्ढा खोदकर मलबा इकट्ठा कर रहे थे। उसी दौरान मलबा खिसक गया। गड्ढे में 7 मजदूर थे, जो मलबे की चपेट में आ गए। सूचना मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस ने अन्य मजदूरों की मदद से सभी को मलबे के नीचे से निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। जहां, एक मजदूर ने दम तोड़ दिया। उन्होंनें, कहा हादसा कैसै हुआ, इसकी विस्तृत जांच कराई जाएगी। फिलहाल की घटना है लिहाजा अभी कारण स्पष्ट नहीं है।
मुख्य पुलिस अधीक्षक ने कहा कि डॉक्टर से उनकी बात हुई है। डॉक्टर के अनुसार बाकी सभी घायल 6 मजदूर खतरे से बाहर हैं। उनका इलाज किया जा रहा है। किसी को कम तो किसी को ज्यादा चोटे आई हैं।
