Jabalpur Accident News: मध्यप्रदेश के जबलपुर शहर में तेज रफ्तार कार ने कई लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी चालक पेशे से डॉक्टर है।
जबलपुर रोड एक्सीडेंट
ये भी पढ़ें - Mumbai Crime: मीरा रोड पर गोली मारकर बिजनेसमैन की हत्या, एक अपराध मामले का गवाह था मृतक, जांच में जुटी पुलिस
मृतकों की पहचान
एक अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना शुक्रवार रात करीब 10 बजे विजय नगर इलाके में हुई। निरीक्षक वीरेंद्र सिंह पवार ने बताया कि कार संजय पटेल (46) चला रहा था, उसे हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि कार की टक्कर से दो पैदल यात्रियों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान रवि शंकर दुबे (67) और मुन्नी बाई सेन (61) के रूप में हुई है।
आरोपी ने नशे में होने से किया इनकार
अधिकारी ने बताया कि पटेल ने दावा किया है कि वह हृदय रोगी है और हाल ही में उसका ऑपरेशन हुआ है। उसने दावा किया कि उसे चक्कर आने लगे और वह बेहोश हो गया जिससे यह हादसा हुआ। पवार ने चिकित्सक के नशे में होने की बात से इनकार किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार ने छह लोगों को टक्कर मारी और फिर डिवाइडर से टकरा गई।
(इनपुट - भाषा)
