भोपाल

Madhya Pradesh: सीएम शिवराज बोले- 'हर 50 परिवार पर तैनात होगा एक जनसेवा मित्र, जो करेगा इन परिवारों की चिंता'

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 16, 2023, 07:54 PM IST

सीएम शिवराज ने कहा कि इन जनसेवा मित्रों से लोगों का फायदा पहुंचाने की यहां तक कोशिश है कि अगर कोई व्यक्ति किसी वजह से राशन लेने नहीं जा सकता है तो यह जनसेवा मित्र उन्हें घर-घर तक राशन पहुंचाने में भी मदद करेंगे।

Image

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमने प्रशासन और जनता के बीच एक नई सीढ़ी खड़ी कर दी है

Madhya Pradesh News: प्रदेशभर में लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में जुटे मुख्यमंत्री जनसेवा मित्रों की तादाद में बढोत्तरी करने का ऐलान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया है। स्वतंत्रता दिवस भाषण में सीएम ने प्रदेश के हर 50 परिवार पर एक जनसेवा मित्र तैनात करने की बात कही है। उनका कहना है कि प्रशासन और जनता के बीच सेतु का काम करने वाले यह जनसेवा मित्र हर आम इंसान तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सहयोग करेंगे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमने प्रशासन और जनता के बीच एक नई सीढ़ी खड़ी कर दी है। जो पात्र हितग्राहियों तक विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी प्रदेश में मौजूद जनसेवा मित्र 4-5 पंचायतों के बीच एक की संख्या में हैं। लेकिन जल्दी ही इनकी तादाद इतनी कर दी जाएगी कि हर पचास परिवार पर एक जनसेवा मित्र काम कर सके। उन्होंने कहा कि ये इन परिवारों की देखरेख भी करेंगे और उनकी चिंता भी करेंगे। सीएम शिवराज ने स्पष्ट किया कि देखरेख या चिंता के मायने किसी परिवार के बीमार को स्वास्थ्य योजना का लाभ दिलाने से लेकर लोगों को राशन दिलाने तक की जिम्मेदारी पूरी करना है।

उन्होंने कहा कि भविष्य में प्रदेश में इन जनसेवा मित्रों की संख्या 3 लाख से ज्यादा पहुंचेगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ये सरकारी नौकरी नहीं, लेकिन इससे जनता को सहायता पहुंचाने का सुकून युवाओं को मिलेगा। साथ प्रशासकीय कामों की समझ लेने के मौके के साथ हर माह मिलने वाले मानदेय का फायदा भी इन्हें होगा।

अभी कितने जनसेवा मित्र

अटल बिहारी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान द्वारा तैयार की गई सीएम यूथ इंटर्नशिप प्रोग्राम के तहत दो चरणों में अब 9 हजार से अधिक जनसेवा मित्र नियुक्त किए जा चुके हैं। जो प्रदेश के हर ब्लॉक तक पहुंचकर लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम कर रहे हैं। प्रथम चरण में नियुक्त किए गए 4695 जनसेवा मित्र अपने कार्यकाल के 6 माह पूरे कर चुके हैं। इनको शुरूआत में 8 हजार रुपए प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा था, जो अब बढाकर 10 हजार रुपए प्रतिमाह कर दिया गया है। इसके अगले चरण में इसी अगस्त माह को इतने ही जनसेवा मित्र और नियुक्त किए गए हैं। अब नए और पुराने जनसेवा मित्र मिलकर प्रदेशभर के गांव-गांव तक जनता और प्रशासन के बीच सेतु बनकर काम कर रहे हैं।

जनसेवा मित्रों की विकास यात्रा

पिछले 6 माह से मैदान में काम करते हुए जनसेवा मित्रों ने 16 हजार से ज्यादा पंचायतों तक पहुंच स्थापित की है। इस दौरान उन्होंने लाड़ली बहना योजना के सर्वे के लिए करीब 21 लाख महिलाओं से संपर्क किया। जनसेवा मित्रों ने इन महिलाओं के ई केवाईसी अपडेट कराने में सहयोग प्रदान किया। साथ ही 5.8 लाख से ज्यादा आवेदन भरे और कुल 11 लाख महिलाओं को आवेदन प्रक्रिया में शामिल होने में मदद की।

सुशासन की दिशा में उठे कदम

मुख्‍यमंत्री सामुदायिक युवा नेतृत्‍व विकास कार्यक्रम, चीफ मिनिस्‍टर्स यंग प्रोफेशनल्‍स फॉर डेवलपमेंट प्रोग्राम, पेसा समन्‍वयक और मुख्‍यमंत्री जनसेवा मित्र के रूप में कार्य जैसे बड़े कार्यक्रमों के माध्‍यम से राज्‍य सरकार युवाओं को जन.कल्‍याण के कार्यों में सरकार का साझेदार बना रही है। साइबर तहसील, लोक सेवा गारंटी कानून का प्रभावी क्रियान्‍वयन, जन.सुनवाई, सीएम हेल्‍पलाईन, समाधान ऑनलाईन, समाधान एक दिन, डायरेक्‍ट बेनिफिट ट्रान्‍सफर और सीएम जनसेवा योजना जैसे नवाचारों ने मध्‍यप्रदेश को गुड गवर्नेंस के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्‍यों की पंक्ति में लाकर खड़ा कर दिया है।

जनभागीदारी से किया विकास

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में विकास की एक नई तहरीर लिखी गई है। लेकिन यह काम सरकार ने अकेले नहीं किया बल्कि इसमें जनभागीदारी भी सुनिश्चित की गई है। कोविड जैसे विकट काल से लेकर स्वचछता, जल संरक्षण, पौधारोपण, बेटी बचाओ बेटी पढाओ जैसे कामों में भी जनभागीदारी से उच्च सफलता और मापदंड हमने हासिल किए हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article