मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में 15 साल के लड़के की क्रिकेट खेलते समय मौत हो गई। किक्रेट खेलने के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह जमीन पर गिर गया। उसके साथ खेल रहे बच्चे उसे अस्पताल लेकर गए। लेकिन उसकी जान पहले ही जा चुकी थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा दिया है और मामला दर्ज करके जांच में जुट गई है।
मौत की क्या है वजह
रविवार सुबह करीब 10 बजे माखन सिंह नाम का लड़का अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहा था। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने से वह जमीन पर लेट गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया। लेकिन उसकी जान बच नहीं सकी। डॉक्टरों के अनुसार ग्राउंड पर ही उसकी मौत हो गई थी। शव का पोस्टमार्टम करने वाले पैनल के एक डॉक्टर ने बताया पोस्टमार्टम में कोई हेड इंज्यूरी नहीं दिखी है और न ही शरीर पर चोट के कोई निशान मिले हैं। उसकी मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट होने से लग रही है।
परिजनों को सौंपा गया शव
सुसनेर थाना प्रभारी केसर राजपूत ने बताया कि माखन सिंह नाम का लड़का रविवार को क्रिकेट खेलते समय बेहोश होकर गिर गया। जिसके बाद उसे सरकारी अस्पताल में लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसकी मौत की पुष्टि की। बताया जा रहा है कि वह अपने मामा के घर पर रहता था। उसकी मौत की वजह का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया गया है। जिसके बाद परिजनों को उसका शव सौंप दिया गया।
