Bhadoi News: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां सोशल मीडिया पर फॉलोवर बढ़ाने की सनक में एक व्यक्ति ने ऐसा काम किया, जिसे सुनकर किसी के भी होश उड़ जाएंगे। आरोप है कि व्यक्ति ने छोटे बच्चों के आपत्तिजनक वीडियो ’चोरी’ से रिकॉर्ड किए और उन्हें अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान औराई थाना क्षेत्र के कुरौना गांव निवासी नबील हयात अंसारी के रूप में हुई है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
बच्चों के अश्लील वीडियो अपलोड करने का आरोप
पुलिस ने बताया कि दर्ज रिपोर्ट में अंसारी पर आरोप है कि उसने सोशल मीडिया पर अपने फॉलोअर बढ़ाने और धन कमाने के मकसद से बच्चों की सहमति के खिलाफ ’चोरी’ से उनकी ’अश्लील’ वीडियो बनाकर उन्हें अपलोड किया। सूत्रों ने बताया कि इस मामले में अंसारी के खिलाफ रविवार की देर रात भारतीय न्याय संहिता की धारा 295 (बच्चों के अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें वितरित एवं प्रसारित करना) और आईटी अधिनियम की धारा 67 बी (18 वर्ष से कम उम्र के लोगों से जुड़ी यौन रूप से स्पष्ट सामग्री या बाल पोर्नोग्राफी बनाना, प्रकाशित या प्रसारित करना) के तहत मुकदमा दर्ज करके उसे थोड़ी देर बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
रिपोर्ट के मुताबिक भदोही के साइबर अपराध थाने को इसी साल अप्रैल में राष्ट्रीय साइबर अपराध रिर्पोटिंग पोर्टल के जरिए जिले के एक मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी से बच्चों की अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें सोशल मीडिया पर अपलोड किए जाने संबंधी शिकायत मिली थी, जिसकी जांच में पाया गया कि वह मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी औराई के रहने वाले नबील हयात अंसारी के हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक अंसारी ने इसी साल 17 जनवरी से छह अप्रैल के बीच इंस्टाग्राम पर बच्चों के अश्लील वीडियो अपलोड किए थे जिन्हें फॉलोअर बढ़ाने और धन अर्जित करने के उद्देश्य से बच्चों की सहमति के विरुद्ध ’चोरी’ से बनाया गया था। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
(इनपुट - भाषा)
