Bengaluru Rain: कर्नाटक के कई जिलों में पिछले कई दिनों से बारिश का दौर जारी है। शनिवार से प्रदेश की राजधानी बेंगलुरु में लगातार भारी बारिश हो रही है, जिसके कारण जगह-जगह जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। शहर के कई स्थानों पर पानी भरा होने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कई स्थानों पर जाम लग रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने आगामी दिनों में और अधिक बारिश होने की संभावना जताई है। बारिश की स्थिति को देखते हुए बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है, ताकि ट्रैफिक सुचारू रूप से चलता रहे। इतना ही नहीं, तूफान और भारी बारिश को देखते हुए शहर के स्कूलों को बंद करने का भी फैसला लिया गया है।
बेंगलुरु में जारी ट्रैफिक एडवाइजरी
भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव होने से ट्रैफिक को रेंगते हुए देखा जा रहा है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने ट्रैफिक की स्पीड को लेकर सूचना जारी की है। ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को सड़कों पर सावधानी बरतने और गंतव्य पर पहुंचने में देरी को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त समय लेकर चलने की सलाह दी है। आइए आपको उन प्रमुख स्थानों के बारे में बताएं जहां जलभराव के कारण यातायात प्रभावित रहेगा -
- कोडे जंक्शन
- विंडसर मैनर रेलवे ब्रिज
- सैंकी रोड
- पीजी हल्ली
- मिलर्स रोड अंडरपास
बारिश के चलते स्कूलों को किया बंद
मौसम विभाग द्वारा अलर्ट जारी करने के बाद जिला प्रशासन ने भारी बारिश और जलजमाव की स्थिति को देखते हुए आज सभी स्कूलों और आंगनबाड़ियों में छुट्टी की घोषणा की गई है।
बेंगलुरु में मौसम के हाल
मौसम विभाग ने शहर में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। बताया जा रहा है कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र चक्रवाती तूफान में 23 अक्टूबर तक बदल सकता है। इस चक्रवाती तूफान दाना के कारण कर्नाटक और भारत के अन्य तटीय क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। इस दौरान अलर्ट वाले स्थानों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
