शहर

Bareilly News: शादी के 16 दिन बाद नदी में मिला 'श्रीदेवी' का शव, परिवार का दावा- सुसराल में खुश नहीं थी बेटी

उत्तर प्रदेश के बरेली में शादी के महज 16 दिन बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है। नदी से युवती का शव मिलने के बाद परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Image

बरेली में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से हड़कंप (प्रतीकात्मक फोटो)

Bareilly Newlywed Death Case: उत्तर प्रदेश के बरेली से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक जिले के बिशारतगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने रविवार को एक नदी से उस नवविवाहिता का शव बरामद किया, जिसकी शादी 16 दिन पहले हुई थी। पुलिस ने बताया कि घटना के सिलसिले में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। बिशारतगंज थाना प्रभारी (एसएचओ) प्रदीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि मृतका की पहचान श्रीदेवी (21) के रूप में हुई है, जो रघुवीरपुरा गांव की रहने वाली थी। उन्होंने बताया कि श्रीदेवी के पिता नेत्रपाल ने अपने दामाद और उसके घर वालों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में तहरीर दी है।

बेटी की मौत सामान्य नहीं- पिता नेत्रपाल

जानकारी के मुताबिक, तहरीर में नेत्रपाल ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी को दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था और श्रीदेवी की मौत सामान्य नहीं है। नेत्रपाल मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। चतुर्वेदी के अनुसार, मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल परिजन की तहरीर, घटनास्थल से मिले तथ्यों और जांच में सामने आने वाले सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।

26 जून को हुई थी शादी

परिजन ने बताया कि श्रीदेवी की शादी 26 जून को बदायूं जिले के एक युवक के साथ हुई थी और कुछ दिन बाद ही वह मायके लौट आई थी। उन्होंने दावा किया कि श्रीदेवी ससुराल में खुश नहीं थी और उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसके चलते वह दोबारा वहां जाने से मना कर रही थी।

नदी की तरफ जाते देखा था

परिजन के अनुसार, नौ जुलाई को श्रीदेवी अचानक घर से बिना कुछ बताए निकल गई और काफी देर तक जब वह वापस नहीं आई, तो घरवालों ने उसकी तलाश शुरू की। परिजन ने आगे कहा कि इस बीच कुछ ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने श्रीदेवी को नदी की तरफ जाते देखा था, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से नदी और आसपास के इलाके में लगातार तलाश की, जिसके बाद रविवार को श्रीदेवी का शव बरामद हुआ।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदी author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article