Barabanki News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में आज यानी सोमवार 15 दिसंबर की सुबह लखनऊ-गोंडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक कार को टक्कर मार दी, जिससे कार में सवार मां-बेटे की मौत हो गई। इस सड़क हादसे में एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने इस संबंध में जानकारी दी।
लखनऊ-गोंडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसा
पुलिस के अनुसार, घटना थाना मसौली क्षेत्र के ग्राम बिरौली के पास उस वक्त की है जब संतोष कुमार मिश्रा (50) अपनी मां शांति देवी (75) और अन्य महिला संतोषी देवी के साथ कार से अपने घर श्रावस्ती जा रहे थे।
थाना प्रभारी अमित प्रताप सिंह ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा गिरी। उन्होंने बताया कि संतोश कुमार मिश्रा और शांति देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल संतोषी देवी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
थाना प्रभारी अमित सिंह ने जानकारी दी कि कार को गैस कटर की मदद से काटकर उसके अंदर फंसे शवों को बाहर निकाला गया। इस सड़क हादसे के बाद लखनऊ-गोंडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर काफी देर तक जाम लग गया। उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटाकर सामान्य यातायात बहाल कराया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए अज्ञात वाहन की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इनपुट - भाषा
