शहर

Barabanki News: लखनऊ-गोंडा NH पर तेज रफ्तार वाहन ने कार को मारी टक्कर, मां-बेटे की मौत

Barabanki News: लखनऊ-गोंडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाराबंकी जिले में आज यानी सोमवार 15 दिसंबर को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार वाहन ने यहां एक कार को जोरदार टक्कर मारी, जिसमें मां-बेटे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और एक अन्य महिला घायल है।

Image

लखनऊ-गोंडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसा

Barabanki News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में आज यानी सोमवार 15 दिसंबर की सुबह लखनऊ-गोंडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक कार को टक्कर मार दी, जिससे कार में सवार मां-बेटे की मौत हो गई। इस सड़क हादसे में एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने इस संबंध में जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, घटना थाना मसौली क्षेत्र के ग्राम बिरौली के पास उस वक्त की है जब संतोष कुमार मिश्रा (50) अपनी मां शांति देवी (75) और अन्य महिला संतोषी देवी के साथ कार से अपने घर श्रावस्ती जा रहे थे।

थाना प्रभारी अमित प्रताप सिंह ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा गिरी। उन्होंने बताया कि संतोश कुमार मिश्रा और शांति देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल संतोषी देवी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

थाना प्रभारी अमित सिंह ने जानकारी दी कि कार को गैस कटर की मदद से काटकर उसके अंदर फंसे शवों को बाहर निकाला गया। इस सड़क हादसे के बाद लखनऊ-गोंडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर काफी देर तक जाम लग गया। उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटाकर सामान्य यातायात बहाल कराया गया।

थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए अज्ञात वाहन की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

इनपुट - भाषा

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article