Vrindavan News: मथुरा के वृंदावन स्थित प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर से दुनियाभर के करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मंदिर प्रशासन ने अपने आधिकारिक और सत्यापित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भगवान बांके बिहारी के दिव्य दर्शन का लाइव प्रसारण शुरू कर दिया है। जारी विज्ञप्ति के अनुसार, इस नई व्यवस्था के जरिए अब पहली बार देश-विदेश में बैठे श्रद्धालु भी ऑनलाइन माध्यम से भगवान के दर्शन कर सकेंगे।
इससे उन भक्तों को विशेष सुविधा मिलेगी जो किसी कारणवश वृंदावन नहीं आ पाते। यह पहल सुयोग्य मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से संभव हो पाई है। सुयोग्य मीडिया एक तकनीक-आधारित कंपनी है, जो मंदिरों, आध्यात्मिक गुरुओं और धार्मिक संस्थानों को डिजिटल कम्युनिकेशन और मीडिया से जुड़े समाधान उपलब्ध कराती है। कंपनी की ओर से जारी बयान में बताया गया कि मंदिर के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब श्रद्धालु एक सुव्यवस्थित डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए भगवान के दर्शन कर सकेंगे।
भक्त दूर बैठे ही कर सकेंगे दर्शन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंदिर प्रशासन ने इस लाइव सेवा की शुरुआत रंगभरी एकादशी के पावन अवसर पर की, जो भक्तों के लिए विशेष आध्यात्मिक महत्व रखने वाला दिन माना जाता है। जारी बयान में कहा गया है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य उन लाखों श्रद्धालुओं तक भगवान के दर्शन पहुंचाना है, जो किसी कारणवश वृंदावन नहीं आ पाते। इस व्यवस्था के माध्यम से भक्त दूर बैठे ही मंदिर की परंपराओं और पवित्रता को बनाए रखते हुए बांके बिहारी के दर्शन कर सकेंगे।
भक्तों के लिए ऐतिहासिक पहल
सुयोग्य मीडिया प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े रिलीजन वर्ल्ड के संस्थापक भव्य श्रीवास्तव ने इसे दुनियाभर के भक्तों के लिए एक ऐतिहासिक पहल बताया। उन्होंने कहा कि यह एक विशेष और आध्यात्मिक रूप से महत्वपूर्ण क्षण है, क्योंकि सदियों से श्रद्धालु बांके बिहारी के दर्शन के लिए वृंदावन की यात्रा करते रहे हैं। इस पहल के जरिए हमारा प्रयास है कि मंदिर की पवित्रता, परंपराओं और आध्यात्मिक गरिमा को बरकरार रखते हुए ठाकुर जी की दिव्य उपस्थिति को दुनिया भर के श्रद्धालुओं तक पहुंचाया जा सके।
सुयोग्य मीडिया प्राइवेट लिमिटेड की पार्टनर ने बताया ये
सुयोग्य मीडिया प्राइवेट लिमिटेड की पार्टनर के. दीपा ने कहा कि उनका संगठन आस्था को आधुनिक डिजिटल तकनीक के साथ सम्मानजनक और सार्थक तरीके से जोड़ने की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि सुयोग्य मीडिया आध्यात्मिक गुरुओं, मंदिरों और धार्मिक संस्थाओं के साथ मिलकर ऐसी पहलें कर रहा है, जिनसे आस्था और तकनीक का समन्वय बेहतर तरीके से हो सके। उन्होंने कहा कि मंदिर प्रशासन द्वारा हमें इतनी पवित्र जिम्मेदारी सौंपे जाने पर हम उनके प्रति आभार व्यक्त करते हैं। हमारा प्रयास एक ऐसा डिजिटल माध्यम तैयार करना है, जिसके जरिए दुनिया भर के श्रद्धालु अपनी आस्था और आध्यात्मिक परंपराओं से जुड़े रह सकें।
(इनपुट - आईएएनएस)
