शहर

50 हजार में रिश्ते का सौदा! पत्नी को बेचकर खुद थाने पहुंचा पति, बनासकांठा केस ने उड़ाए होश

बनासकांठा में पत्नी को 50 हजार में बेच दिया : खुद ही पत्नी को दोस्त से बेचने के बाद थाने पे शिकायत दर्ज कराई, पत्नी अब पसंद न होना का किया दावा

Image

बनासकांठा में पति पर पत्नी को 50 हजार में बेचने का आरोप

गुजरात के बनासकांठा जिले के पालनपुर से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जहां एक पति पर अपनी पत्नी को 50 हजार रुपये में बेचने का आरोप लगा है। मामले का खुलासा तब हुआ जब आरोपी ने खुद ही पत्नी के लापता होने की शिकायत पुलिस थाने में दर्ज करवाई।लेकिन पुलिस जांच के दौरान पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया।

खुद ही दर्ज कराई पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से धानेरा का रहने वाला और वर्तमान में पालनपुर में रह रहा आरोपी अपनी पत्नी को पसंद नहीं करता था। लेकिन उसने सामाजिक और कानूनी रूप से अलग होने के बजाय दूसरा ही रास्ता अपना लिया। आरोपी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर पत्नी को रास्ते से हटाने की साजिश रची। उसने 11 मई 2026 को पालनपुर पश्चिम पुलिस स्टेशन में पत्नी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। इसके दो दिन बाद 13 मई को आरोपी के पिता ने पालनपुर पूर्व पुलिस स्टेशन में बेटे के भी लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई।

महिला को 7 दिनों तक बंधक बनाकर रखा

एक ही परिवार के दो लोगों के गायब होने से मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद रेंज IG और जिला पुलिस प्रमुख के निर्देश पर पालनपुर पश्चिम पुलिस स्टेशन के PI आर.के. पटेल और उनकी टीम ने तकनीकी और मानवीय आधार पर गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले आरोपी पति को खोज निकाला। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के सामने वह टूट गया और पूरी साजिश कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने पीड़ित महिला को भी सुरक्षित बरामद कर लिया। महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी पति ने अपने साथियों संजय ठाकोर, अशोक ठाकोर और सचिन ठाकोर के साथ मिलकर उसे 50 हजार रुपये में बेच दिया था। आरोप है कि महिला को जान से मारने की धमकी देकर जबरन दूसरी जगह ले जाया गया, जहां उसे सात दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया।

महिला ने लगाया दुष्कर्म का आरोप

महिला ने आरोप लगाया कि इस दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया गया और उसके कान की सोने की बालियां भी छीनकर बेच दी गईं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इस पूरी साजिश में डीसा निवासी हीना ठाकोर और टीनाजी ठाकोर ने भी आरोपियों की मदद की थी। पुलिस ने इस मामले में कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी पति स्वरूप अमरतभाई ठाकोर, शैलेष कुमार उर्फ संजय हेमराजभाई ठाकोर, सचिन मंगलसिंह ठाकोर, अशोक ठाकोर, हीना टीनाजी ठाकोर और टीनाजी मथुरजी ठाकोर शामिल हैं।

आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड आया सामने

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ पहले भी पालनपुर पूर्व पुलिस स्टेशन में चोरी का मामला दर्ज हो चुका है। जांच में यह भी सामने आया कि शादीशुदा होने के बावजूद वह पहले अन्य समुदाय की दो युवतियों को बहला-फुसलाकर भगा चुका है। फिलहाल पालनपुर पश्चिम पुलिस पूरे मामले में तकनीकी साक्ष्य, कॉल डिटेल्स और अन्य कानूनी प्रक्रिया के आधार पर आगे की जांच कर रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!