Ballia Accident: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में दो अलग-अलग थाना क्षेत्र में सड़क हादसे हुए, जिसमें एक डेढ़ साल के एक बच्चे की और एक शिक्षक समेत दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पहला हादसा सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में हुआ और वहीं दूसरा हादसा दलछपरा-श्रीनगर सम्पर्क मार्ग पर हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों सड़क हादसों में मृतकों के शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पहला हादसे में शिक्षक की मौत
पुलिस के अनुसार, सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर कस्बे में रविवार की रात्रि राजेश कुमार यादव (45) जलालीपुर मोड़ से मोटरसाइकिल से बस स्टेशन की तरफ जा रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे एक पिकअप वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया है।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, थाना प्रभारी मूलचंद चौरसिया ने सोमवार को बताया कि इस मामले में मृतक के ससुर चंद्रबली यादव की तहरीर पर अज्ञात चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मृतक शिक्षा क्षेत्र पंदह के प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात थे। वह सिकंदरपुर कस्बे में कल्पा मंदिर के पास एक मकान में किराए पर रह रहे थे।
दूसरे सड़क हादसे में डेढ़ साल के बच्चे की मौत
दूसरा सड़क हादसा रेवती थाना क्षेत्र के दलछपरा-श्रीनगर सम्पर्क मार्ग पर रविवार की शाम हुआ। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मंगरू नट का परिवार मार्ग से सटे झोपड़ी में रहता है। रविवार को मंगरू का डेढ़ वर्षीय पुत्र सूरज घर के सामने खेल रहा था, तभी एक अज्ञात पिकअप वाहन ने उसे कुचल दिया। ग्रामीणों ने तुरंत मासूम बच्चे को सीएचसी रेवती पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी राजेश बहादुर सिंह ने सोमवार को बताया कि मृतक के पिता मंगरू नट की तहरीर पर अज्ञात चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
(इनपुट - भाषा)
