हरियाणा के झज्जर जिले के बहादुरगढ़ शहर स्थित कुबेर कॉलोनी में वीरवार रात एक शादी समारोह की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। भाई की शादी में घुड़चढ़ी की रस्म के दौरान डीजे पर नाच रही 30 वर्षीय बहन की हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान मनीषा के रूप में हुई है, जो दो बच्चों की मां थी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, वहीं परिजन गंभीर हालत में मनीषा को लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पूछताछ करती पुलिस
नाचते समय सिर में लगी गोली, मची अफरा-तफरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से छारा गांव का रहने वाला परिवार हाल ही में बहादुरगढ़ की कुबेर कॉलोनी में रह रहा है। परिवार में बेटे अमनदीप की शादी के चलते गुरुवार रात को घुड़चढ़ी की रस्म निकाली जा रही थी। रिश्तेदार और परिवार के सदस्य खुशी में नाच रहे थे और दूल्हे की बहन मनीषा भी नृत्य कर रही थी। आरोप है कि इसी दौरान दूल्हे का दोस्त दीपक खुशी में पिस्टल से फायरिंग कर रहा था। अचानक दीपक के हाथ से चली गोली सीधे मनीषा के सिर में जा लगी। गोली लगते ही मनीषा खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी। इस अचानक हुए हादसे से शादी के जश्न में चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दो बच्चों के सिर से उठा मां का साया
मनीषा की शादी करीब 10 साल पहले रेवाड़ी निवासी खुशीराम के साथ हुई थी। उनके दो छोटे बच्चे हैं। भाई के विवाह की खुशी में आई मनीषा की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में पति खुशीराम और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। घटना की जानकारी मिलते ही सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) प्रदीप नैन और एसीपी रमेश गुलिया पुलिस बल के साथ पहले नागरिक अस्पताल और फिर घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी दीपक की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है। शुक्रवार को बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस परिजनों के बयानों के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
