शहर

बागपत में सनक का खूनी अंत: एकतरफा प्यार में युवती की हत्या कर प्रेमी ने लगाई फांसी

यूपी के बागपत जिले में एकतरफा प्यार की सनक में एक युवक ने युवती की गोली मारकर हत्या कर दी। प्रेमिका की हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस की टीम ने दोनों शवों को जब्त करते पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Image

बागपत में एकतरफा प्यार ने ली युवती की जान

UP News: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में आज यानी गुरुवार, 25 दिसंबर की सुबह एक रौगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के बावली गांव में एकतरफा प्यार के जुनून में एक सनकी युवक ने 18 वर्षीय युवती की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक ने खुद भी फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। इस दोहरी मौत की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। हत्या और आत्महत्या की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की गई।

सरेआम युवती की हत्या से गांव में दहशत का माहौल

यह घटना उस समय हुई जब युवती गुड्डन, जो घर पर सिलाई का काम करती थी, सुबह करीब साढ़े दस बजे कुछ सामान लेने के लिए अपने घर से निकली थी। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे सतनाम कटारिया नाम के युवक ने उसे रोका और दोनों के बीच बहस होने लगी, जिसके बाद देखते ही देखते आक्रोशित सतनाम ने अपने जेब से तमंचा निकाला और गुड्डन के सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। गोली की आवाज सुन ग्रामीण मौके पर पहुंचे और युवती को खून में लथपथ पाया। ग्रामीणों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी।

हत्या के बाद आरोपी ने की आत्महत्या

युवती की गोली मारकर हत्या करने के बाद आरोपी सतनाम भागकर अपने घर पहुंचा, जहां आंगन में लगे नीम के पेड़ से फंदा लगाकर उसने आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि आरोपी ने युवती को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मारने की कोशिश की थी, लेकिन हथियार में तकनीकी खराबी के कारण वह इस प्रयास में सफल नहीं हो सका, जिसके बाद उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल किया गया तमंचा बरामद कर लिया है। एडिशनल एसपी और सीओ बड़ौत ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस दुखद घटना के बाद मृतक युवती की मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी सतनाम पंजाब में ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था और वह गुड्डन पर शादी के लिए लगातार दबाव बना रहा था।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article