Badrinath Yatra 2026: उत्तराखंड के चमोली में बद्रीनाथ धाम और हेमकुण्ड साहिब की यात्रा चरम पर है। दोनों ही पवित्र धामों में हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन हेतु पहुंच रहे हैं। खासतौर से बद्रीनाथ धाम में प्रतिदिन लगभग 30 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर रहे हैं। इसके अलावा धाम क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर आयोजित भागवत कथाओं एवं धार्मिक आयोजनों के कारण भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम में प्रवास कर रहे हैं।
क्षतिग्रस्त सड़क और मरम्मत कार्य चुनौती बने
यात्रा के बढ़ते दबाव के बीच बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर ज्योतिर्मठ से मारवाड़ी के मध्य क्षतिग्रस्त सड़क और मरम्मत कार्य चुनौती बने हुए हैं। सड़क के कुछ हिस्सों में ऊंचे-नीचे एलिवेशन तथा भारी वाहनों की आवाजाही के कारण बीच-बीच में वाहनों के खराब होने की घटनाएं सामने हैं। ऐसे में चमोली पुलिस द्वारा दूरदर्शिता दिखाते हुए प्रभावी गेट सिस्टम लागू किया है।
वाहनों को एक घण्टे के निर्धारित समय के लिए रोका जा रहा
श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए ज्योतिर्मठ स्थित कामेट तिराहे पर बद्रीनाथ धाम की ओर जाने वाले वाहनों को तथा विष्णुप्रयाग-मारवाड़ी पुल के पास बद्रीनाथ धाम से लौटने वाले वाहनों को एक घण्टे के निर्धारित समय के लिए रोका जा रहा है। ताकि इस दौरान श्रद्धालुओं ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर एवं पंच प्रयागों में से एक विष्णुप्रयाग के दर्शन एवं स्नान का पुण्य प्राप्त कर सकें।
मार्ग पर यातायात नियंत्रित, सुरक्षित एवं सुचारू रूप से संचालित
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार द्वारा कहा गया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित कुछ तस्वीरों को जाम बताकर प्रस्तुत किया जा रहा है, जबकि वास्तव में वे गेट सिस्टम के तहत व्यवस्थित रूप से खड़े वाहन हैं। इन तस्वीरों के आधार पर जाम की स्थिति दर्शाना भ्रामक है। वर्तमान में मार्ग पर यातायात नियंत्रित, सुरक्षित एवं सुचारू रूप से संचालित हो रहा है।
प्रसारित भ्रामक तस्वीरों और अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें
पुलिस और प्रशासन का लक्ष्य सिर्फ वाहनों की आवाजाही कराना नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित, सहज और सुखद बनाना है। इसी क्रम में ज्योतिर्मठ में रुके श्रद्धालुओं को नृसिंह मंदिर तथा विष्णुप्रयाग क्षेत्र में रोके गए यात्रियों को पवित्र विष्णुप्रयाग के दर्शन का अवसर भी मिल रहा है। चारधाम यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालु धैर्य एवं संयम बनाए रखें, पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक तस्वीरों और अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें। आपकी सुरक्षित एवं सफल यात्रा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
