शहर

चारधाम यात्रा पर मौसम की मार! बद्रीनाथ हाईवे पर धारी देवी से नरकोटा तक लगा लंबा जाम, घंटों तक फंसे रहे हजारों श्रद्धालु

उत्तराखंड में खराब मौसम और वाहनों की बढ़ती आवाजाही ने चारधाम यात्रा को प्रभावित कर दिया है। बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई स्थानों पर लंबा जाम लगने से हजारों श्रद्धालु घंटों तक फंसे रहे। लगातार बढ़ते यातायात दबाव के बीच यात्रा मार्गों को सुचारू बनाए रखना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

Image

बद्रीनाथ हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Badrinath Highway Traffic Jam: भाई एक ओर जहां मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी का प्रकोप जैसे ही देखा गया, वैसे ही लोगों ने पहाड़ी राज्यों का रुख किया। पर अब आलम तो कुछ और ही है। जानकारी के मुताबिक उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में मौसम की खराबी ने चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं की परेशानियां बढ़ा दी हैं। लगातार प्रतिकूल मौसम और वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर धारी देवी से नरकोटा स्थित सम्राट होटल क्षेत्र तक लंबा जाम लग गया, जिससे हजारों यात्री और पर्यटक घंटों तक रास्ते में फंसे रहे।

चारधाम यात्रा के व्यस्त दौर में बद्रीनाथ हाईवे पर यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार को मौसम बिगड़ने के बाद यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई और धारी देवी, श्रीनगर, रुद्रप्रयाग, नरकोटा समेत कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। हालात ऐसे रहे कि अनेक यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।

कहां पड़ा सबसे ज्यादा असर?

इस जाम का सबसे ज्यादा असर बद्रीनाथ धाम, केदारनाथ धाम, तुंगनाथ, मद्महेश्वर, रुद्रनाथ, कल्पेश्वर और त्रियुगीनारायण धाम की यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं पर पड़ा। दूर-दराज राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। कई वाहनों में छोटे बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी मौजूद हैं, जिन्हें लंबे इंतजार के कारण परेशानियों से गुजरना पड़ रहा है।

यातायात व्यवस्था बार-बार हो रही ठप

बताया जा रहा है कि श्रीनगर से जोशीमठ तक बद्रीनाथ हाईवे पर जगह-जगह यातायात रुक-रुक कर चल रहा है। खराब मौसम, बढ़ती वाहन संख्या और ट्रैवल सीजन के दबाव के चलते यातायात व्यवस्था बार-बार प्रभावित हो रही है। पुलिस और प्रशासन की टीमें यातायात को सुचारू बनाने में जुटी हैं, लेकिन लगातार बढ़ रहे दबाव के कारण जाम की स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो पा रही है।

प्रशासन के सामने खड़ी हुई बड़ी चुनौती

मौसम विभाग द्वारा पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताए जाने के बाद प्रशासन ने यात्रियों से सावधानी बरतने और यात्रा से पूर्व मौसम व यातायात संबंधी जानकारी प्राप्त करने की अपील की है। चारधाम यात्रा के जरूरी पड़ावों को जोड़ने वाले इस राष्ट्रीय राजमार्ग पर लग रहे लगातार जाम ने यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है। श्रद्धालुओं का कहना है कि आस्था की इस यात्रा में घंटों जाम में फंसना उनकी सबसे बड़ी परेशानी बन गया है। खराब मौसम और बढ़ते यातायात दबाव के बीच प्रशासन के सामने यात्रा को सुचारू बनाए रखना बड़ी चुनौती बन गया है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदी author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article