शहर

एक बार फिर बाबा बागेश्वर ने की पीएम मोदी की तारीफ, बोले- गुजरात ने देश को दिया योग्य प्रधानमंत्री

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने गुजरात के राजकोट में आयोजित कथा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि गुजरात ने न केवल देश को व्यापारिक दिशा दी है, बल्कि एक योग्य और सेवाभावी प्रधानमंत्री भी दिया है।

Image

बाबा बागेश्वर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Bageshwar Baba: अपने प्रवचनों-कथाओं से देश-दुनिया में प्रसिद्ध बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा है कि गुजरात ने देश को योग्य प्रधानमंत्री दिया है। जानकारी के अनुसार अपने गुजरात प्रवास के पहले दिन राजकोट कथा के दौरान बागेश्वर बाबा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की जमकर तारीफ की।

प्रधानमंत्री के सेवाभावी स्वभाव की प्रशंसा

बागेश्वर बाबा का कहना है कि, "गुजरात ने भारत को न सिर्फ व्यापार की नई दिशा दी है, बल्कि देश को एक बेहद योग्य प्रधानमंत्री भी दिया है। कथा के बीच प्रधानमंत्री के सेवाभावी स्वभाव की प्रशंसा करते हुए उन्होंने एक विशेष याद साझा की।

कैंसर अस्पताल का भूमिपूजन और उद्घाटन

बागेश्वर सरकार ने बताया कि जब उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी से बागेश्वर धाम में बनने वाले प्रस्तावित कैंसर अस्पताल की चर्चा की, तो प्रधानमंत्री ने बेहद आत्मीयता से कहा था कि वे खुद इस अस्पताल का भूमिपूजन और उद्घाटन करेंगे। बाबा बागेश्वर ने इसे स्वास्थ्य क्षेत्र के प्रति पीएम की संवेदनशीलता बताते हुए कहा कि यह अस्पताल लाखों गरीबों के लिए वरदान साबित होगा। आपको बता दें कि यह कोई पहली बार नहीं है जब बाबा बागेश्वर ने पीएम मोदी की तारीफ की हो। वे कई बार उनकी सराहना कर चुके हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे बाबा बागेश्वर

वहीं इससे पहले जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पर्यावरण संरक्षण, ईंधन की बचत और सड़कों पर यातायात के दबाव को कम करने के लिए सार्वजनिक परिवहन यानी पब्लिक ट्रांसपोर्ट जैसे ट्रेन और बसों का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करने की अपील की थी तब बाबा बागेश्वर ने उनसे प्रेरित होकर भारी सुरक्षा घेरे और चमचमाती गाड़ियों के लंबे काफिले के बजाए आम यात्रियों की तरह ट्रेन में सफर किया था। उनका यह कदम सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था।

जाने-माने कथावाचक और सनातन धर्म के प्रचारक

बाबा बागेश्वर (जिन्हें धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भी कहा जाता है) मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित बागेश्वर धाम के पीठाधीश हैं। वह एक प्रसिद्ध कथावाचक और सनातन धर्म के प्रचारक हैं, जो अपनी 'दिव्य दरबार' लगाने की शैली और लोगों की समस्याओं को पर्चे पर लिखकर हल करने के दावों के लिए जाने जाते हैं।
Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article