अयोध्या: निर्माणाधीन श्री रामजन्मभूमि मंदिर की बुधवार को कुछ मनमोहक तस्वीरें सामने आई हैं। तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सोशल मीडिया हैंडल 'X' पर ये पिक्चर अपलोड की हैं। तस्वीरें कई एंगल से ली गई हैं, जिनको देखने से पता चलता है कि मंदिर कितना भव्य है। 22 जनवरी को श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा को देखते हुए मंदिर को तेजी से बनाया जा रहा है। मंदिर के स्ट्रक्चर को देखने से लग रहा है कि अधिक से अधिक काम पूरा कर लिया गया है।

निर्माणाधीन राम मंदिर
मंदिर के काम में गति
दरअसल, मंदिर निर्माण के वक्त से ही श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट कई बार निर्माणाधीन मंदिर की तस्वीरें जारी कर चुका है, जिससे ये पता चलता रहा है कि मंदिर के काम की गति कितनी तेज है। एक बार फिर से आई नई तस्वीरों में मंदिर का ग्राउंड फ़्लोर का पूरा निर्माण कार्य दिखाई पड़ रहा है। मंदिर बनाने की गति देखकर लगता है कि मंदिर अपने समय से बनकर तैयार हो जाएगा। ग्राउंड फ्लोर के बाद प्रथम तल का निर्माण कार्य लगभग 60 फीसदी से ज्यादा पूरा हो चुका है। पहली तस्वीर परकोटे की है। परकोटे के बाहर से मंदिर में प्रवेश करने का मुख्य द्वार बनाया जाएगा।

निर्माणाधीन राम मंदिर
मजदूरों की संख्या बढ़ी
साथ ही रंगमंडप और कोल मंडप सहित गर्भ ग्रह का निर्माण मंदिर के भीतरी हिस्से में पूरा हो चुका है। अलग-अलग एंगल से ली गई तस्वीरों से मंदिर की सुंदरता और भव्यता का पता चल रहा है। बताया जा रहा है कि निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए और मजदूरों की संख्या भी बढ़ाई गई है। ताकि, जनवरी के शुरुआत तक नियत समय में कार्य पूर्ण कर प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियां शुरू कर दी जाएं। आपको बता दें कि भगवान श्रीराम लला 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा के साथ गर्भ गृह में विराजमान होंगे। इस शुभ अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहेंगे। उनके अलावा बड़ी संख्या साधु संत और भक्तगण इस भव्य कार्यक्रम के साक्षी होंगे।

निर्माणाधीन राम मंदिर
