शहर

Ram Mandir Timing: भक्तों के लिए खुला राम मंदिर, दर्शन से लेकर आरती तक का समय यहां देखें

Ram Mandir Timing: आज से भक्तों के लिए राम मंदिर के द्वार खोल दिए गए हैं। लंबे समय के इंतजार के बाद अब सभी लोग रामलला के दर्शन कर सकेंगे। एक तय समय पर श्रद्धालुओं को प्रभु श्रीराम के दर्शन का अवसर प्राप्त होगा। आइए आपको उस समय के बारे में बताएं...

Image

भक्तों के लिए खुला राम मंदिर

Ram Mandir Timing: सोमवार, 22 जनवरी 2024 को राम मंदिर का उद्घाटन और रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह संपन्न हुआ। प्राण प्रतिष्ठा के दौरान आमंत्रित अतिथियों के अलावा किसी को जाने की अनुमति नहीं थी। लेकिन अब सभी लोग प्रभु श्रीराम के दर्शन कर सकते हैं। 23 जनवरी 2024, यानी आज से राम मंदिर श्रद्धालुओं के लिए खुल गया है। रामलला के दर्शन करने के लिए पूरा देश उत्साहित है। सभी लोग अपने समय के अनुसार अयोध्या जाने की तैयारी में जुटे हुए हैं। परिवार और दोस्तों के साथ रामलला के दर्शन करने की तैयारी में है।

बता दें कि शुक्रवार को प्रभु श्री राम की पुरानी मूर्ति के दर्शन अंतिम थे। शनिवार और रविवार को भक्तों को भगवान के दर्शन करने का अवसर नहीं मिला था। 72 घंटों के लंबे इंतजार के बाद राम जी के दर्शन के लिए लालायित भक्तों को अब राम मंदिर में जाने का अवसर मिलेगा। आज राम मंदिर के खुलते ही भक्तों की लंबी लाइन लग गई है। अगर आप भी अयोध्या जाने की तैयारी में है तो ये आर्टिकल आपके लिए है। यहां आपको मंदिर के खुलने और बंद होने का समय, साथ ही साथ किस-किस समय रामलला की आरती के समय आदि की जानकारी दी जाएगी।

किस समय हो सकेंगे रामलला के दर्शन

आज से राम मंदिर श्रद्धालुओं के खुल चुका है। रामलला के दर्शन के लिए मंदिर सुबह 7 बजे से 11:30 बजे तक खुला रहेगा। मंदिर के कपाट दोपहर में ढाई घंटे के लिए बंद किए जाएंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक भक्त अपने भगवान के दर्शन करने जा सकते हैं। जानकारी के लिए बता दें कि रामलला की अष्टयाम सेवा की जाएगी, जिसके अनुसार प्रत्येक आरती से पहले भगवान को भोग लगाया जाएगा। भगवान श्री राम की आरती दिन में तीन बार की जाएगी, जिसका समय इस प्रकार है -

शृंगार आरती का समय - सुबह 6:30 बजे

भोग आरती का समय - दोपहर 12 बजे

संध्या आरती का समय - शाम 7:30 बजे

आरती में शामिल होने की प्रक्रिया

राम मंदिर में जाने वाले भक्त आरती में शामिल होना जरूर चाहेंगे। ऐसे में बता दें कि आरती में बिना पास के शामिल होने की अनुमति नहीं है। आरती के लिए पास की आवश्यकता होगी। अब आप सोच रहे होंगे कि आरती पास कैसे और कहां से आएगा। यहां हम आपको बताएंगे कि आप आरती पास कहां से ले सकते हैं।

राम मंदिर का आरती पास श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा प्रदान किया जाएगा। इस ट्रस्ट का निर्माण केंद्र सरकार द्वारा किया गया था और अब इनके द्वारा राम मंदिर को संभाला जाएगा। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से आरती पास प्राप्त करने के लिए आपको एक वैध आईडी प्रूफ की आवश्यकता होगी। बता दें कि आरती में एक बार में केवल 30 लोगों को ही प्रवेश मिल सकता है। अगर आपको आरती में हिस्सा लेना है तो आपको जल्दी करनी होगी ताकि आपका नाम उन 30 लोगों में शामिल हो।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!