शहर

Ayodhya News: विदेशों से भी चंदा भेज सकेंगे रामलला के भक्त, सामने आ गया बैंक अकाउंट

Ayodhya Ram temple News: अयोध्या में निर्माणाधीन राम मंदिर के लिए विदेशों में बैठे राम भक्त निधि समर्पण कर सकेंगे। विदेशी स्रोतों से प्राप्त स्वैच्छिक योगदान केवल भारतीय स्टेट बैंक की 11 संसद मार्ग नई दिल्ली-110001, स्थित मुख्य शाखा के खाता संख्या 42162875158 में ही स्वीकार होगा।

Image

निर्माणाधीन राम मंदिर

Photo : Twitter

अयोध्या: राममंदिर निर्माण (Ram temple) से जुड़ी तस्वीरें सामने आने के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से भक्तों के लिए एक और खुशखबरी सामने आई है। बुधवार की शाम ट्रस्ट ने कहा है कि विदेश में रहने वाले राम भक्त भी अब राम मंदिर निर्माण के लिए निधि समर्पण कर सकेंगे। ऐसे में राम मंदिर निर्माण के लिए विदेशी चंदा लेने की समस्या दूर होती नजर आ रही है। ट्रस्ट के आवेदन को भारत सरकार के गृह मंत्रालय के एफसीआरए विभाग ने अनुमति दे दी है। इस लिहाज से राम मंदिर ट्रस्ट अब दुनिया की किसी भी विदेशी मुद्रा को बतौर दान लेने में सक्षम रहेगा।

ऑडिट रिपोर्ट को गृह मंत्रालय ने दी अनुमति

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि किसी भी ट्रस्ट को विदेशी चंदा लेने के लिए कम से कम 3 साल की ऑडिट रिपोर्ट गृह मंत्रालय में पेश करनी पड़ती है। राम मंदिर ट्रस्ट ने फरवरी 2023 में ही अपने 3 साल की अवधि पूरी कर ली थी। 3 साल की उस ऑडिट रिपोर्ट को तैयार कर जुलाई में रजिस्ट्रेशन के लिए आगे बढ़ाया गया था, जिसे गृह विभाग ने अनुमति दे दी है। दरअसल, बड़ी संख्या में विदेश में रहने वाले राम भक्त मंदिर निर्माण के लिए निधि समर्पण करने की इच्छा जताते आ रहे थे, लेकिन इसके लिए ट्रस्ट के पास कानूनी मान्यता नहीं थी। लिहाजा अब यह अड़चन दूर होने पर विदेशी राम भक्त मंदिर निर्माण के लिए स्वैच्छिक निधि समर्पण कर सकेंगे।

इस बैंक खाते में स्वीकार होगी चंदे की राशि

ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के मुताबिक, विदेशी स्रोतों से प्राप्त होने वाला कोई भी स्वैच्छिक योगदान केवल भारतीय स्टेट बैंक की 11 संसद मार्ग नई दिल्ली-110001, स्थित मुख्य शाखा के खाता संख्या 42162875158 में ही स्वीकार होगा। इसके अलावा किसी अन्य बैंक और भारतीय स्टेट बैंक की किसी अन्य शाखा में भेजा गया धन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

3500 करोड़ की धनराशि प्राप्त

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कार्यालय प्रभारी प्रकाश गुप्ता ने मुताबिक, हर महाने राम मंदिर के लिए करीब एक करोड़ का चंदा आ रहा है। भक्त नकदी, चेक, आरटीजीएस, ऑनलाइन तरीके से चंदा दे रहे हैं। इसके अलावा प्रत्येक महीने करीब 30 लाख का दान रामलला के दान पेटिका से प्राप्त होता है। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट ने 2021 में निधि समर्पण अभियान चलाया था, जिसमें करीब 3500 करोड़ की धनराशि प्राप्त हुई थी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article