Auraiya Road Accident: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हाईवे पर गश्त कर रही पुलिस जीप को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक दरोगा की मौत हो गई, जबकि दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने दरोगा को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल पुलिसकर्मियों का अस्पताल में इलाज जारी है।
औरैया में दर्दनाक हादसा
ट्रक की टक्कर से बुरी तरह पिचकी जीप
यह हादसा मिहौली फ्लाईओवर बाईपास पर उस समय हुआ जब पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी। ट्रक की टक्कर से पुलिस जीप बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जिसमें दरोगा दिनेश भदौरिया की मौके पर ही मौत हो गई। वह आगरा में फतेहपुर के रहने वाले थे और हाईवे पेट्रोलिंग ड्यूटी परथे। वहीं हेड कांस्टेबल सुरेश, निवासी हमीरपुर और सिपाही मनोज, निवासी झांसी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों की मदद से तीनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे के बाद ट्रक चालक फरार, तलाश में जुटी पुलिस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह टक्कर इतनी भयंकर थी कि पुलिस जीप बुरी तरह पिचक गई। हादसे के बाद ट्रक चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक समेत कई थानों की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। हाईवे पर यातायात को बहाल करने के लिए क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटाया गया। पुलिस फिलहाल फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है। इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
