Auraiya News: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में 75 वर्षीय रामसुघर और 30 वर्षीय रीना की सगाई का वीडियो वायरल होने के बाद अब इस मामले में नया मोड़ आ गया है। रीना ने एक नया वीडियो शेयर कर रामसुघर से शादी करने से इनकार कर दिया है। उसका कहना है कि उसका पति वापस लौट आया है और अब वह उसी के साथ रहेगी। वहीं, रामसुघर और उसकी बेटी राधा ने रीना पर धोखेबाजी का आरोप लगाया है।
औरैया में 75 वर्षीय रामसुघर से शादी नहीं करेंगी रीना
पति के लौटने के बाद शादी से किया इनकार
रीना ने अपने वीडियो में बताया कि उसका पति पहले घर छोड़कर चला गया था। सगाई का वीडियो सामने आने के बाद वह घर वापस लौट आया। रीना के मुताबिक, उसका पति से तलाक नहीं हुआ था। अब वह अपने पति और परिवार के साथ खुश हैं और रामसुघर से शादी नहीं करेगी। रीना ने एक अन्य वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जिसमें वह अपने पति को माला पहनाती और उनके पैर छूती हुई दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि जब उसका साथ देने वाला कोई नहीं था, तब उसने रामसुघर से शादी करने की बात कही थी। अब वह अपने पति के साथ रहना चाहती हैं और रामसुघर या उनकी बेटी राधा से कोई संबंध नहीं रखना चाहतीं।
रीना ने सगाई को बताया नाटक
रीना ने अपने पक्ष में एक चौंकाने वाला खुलासा भी किया। उसने कहा कि यह सगाई का नाटक उससे कराया गया था और वीडियो में जो बातें उससे कहलवाई गईं, उसने वही बोलीं। रीना का आरोप है कि अब मामले के चर्चा में आने के बाद उस पर रामसुघर से वास्तविक शादी करने का दबाव बनाया जा रहा है। रीना ने कहा कि उसके छोटे बच्चे और पति हैं, इसलिए वह रामसुघर से शादी नहीं कर सकतीं।
रामसुघर और बेटी राधा ने लगाए आरोप
रीना के शादी से इनकार करने के बाद रामसुघर और उनकी बेटी राधा का पक्ष भी सामने आया है। दोनों ने रीना पर धोखा देने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि पहले राधा दोनों की शादी को लेकर उत्साहित नजर आ रही थीं, लेकिन रीना के इनकार के बाद उनकी नाराजगी सामने आई है।
इंस्टाग्राम पर हुई थी पहचान
रामसुघर के अनुसार, उनकी बेटी राधा की रीना से पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। दोस्ती बढ़ने के बाद दोनों साथ में वीडियो बनाने लगीं और रीना का उनके घर आना-जाना शुरू हो गया। सहार क्षेत्र के अरियारी गांव निवासी रामसुघर की दो बेटियां और एक बेटा है। तीनों की शादी हो चुकी है। उनका बेटा ऑटो चलाता है। रामसुघर और रीना की सगाई का वीडियो 14 अक्टूबर को वायरल हुआ था। इसमें सगाई के साथ हल्दी की रस्म भी दिखाई गई थी। वीडियो सामने आने के बाद से ही यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
