शहर

मेरठ में दिनदहाड़े युवक के किडनैपिंग की कोशिश, पुलिस ने नाकाम की आरोपियों की साजिश, देखें सीसीटीवी वीडियो

मेरठ में कार सवार कुछ युवक एक बाइक सर्विस की दुकान से एक युवक का अपहरण करने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर पुलिस ने तुरंत कार का पीछा कर युवक को मुक्त कराया और आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Image

मेरठ में युवक का अपहरण करने की कोशिश

KEY HIGHLIGHTS
  • पुलिस ने कार का पीछा कर युवक को छुड़ाया
  • दोनों पक्षों में पुराने झगड़े के चलते अपहरण का प्रयास
  • आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही पुलिस

Meerut News: मेरठ के लोहिया नगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक युवक का अपहरण करने की कोशिश की गई। आरोपी कार में सवार होकर आए और एक युवक को जबरन गाड़ी में बैठाकर ले गए। इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने तुरंत कार का पीछा कर युवक को सकुशल छुड़ाया। पुलिस ने कुछ आरोपियों को हिरासत में भी लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। आरोपियों के ऊपर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में यह पूरी घटना कैद हो गई। इसका सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

अपहरण का सीसीटीवी फुटेज

सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि लगभग पांच युवक एक बाइक सर्विस की दुकान पर सफेद रंग की कार से पहुंचते हैं। फिर उस दुकान पर मौजूद एक युवक से कुछ देर बात करते हैं। जिसके बाद सभी आरोपी युवक, दुकान से एक युवक को जबरन खींच कर गाड़ी में डालकर अपहरण का प्रयास कर अपने साथ ले जाते हैं। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है दोनों पक्षों में झगड़ा चल रहा था, जिसकी वजह से अपहरण का प्रयास किया गया।

घटना में इस्तेमाल कार की शिनाख्त

एसएसपी मेरठ ने बताया की थाना लोहिया नगर क्षेत्र में कुछ अभियुक्तों द्वारा एक युवक के अपहरण का प्रयास किया गया था। जिसके बाद तुरंत कार का पीछा कर युवक को सकुशल छुड़ा लिया गया है। पुलिस ने इस घटना में इस्तेमाल की गई कार और आरोपियों की शिनाख्त कर ली है। जिसमें से कुछ अभियुक्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि आरोपी जिस युवक को अपने साथ ले जा रहे थे उससे पुराने झगड़े की वजह सामने आई है। युवक के साथ अपहरण के प्रयास के साथ-साथ मारपीट भी की गई है जिसको गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की जा रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article