CM Himanta Biswa Sarma Khatu Shyam Temple: असम विधानसभा चुनाव के लिए मतदान संपन्न होने के बाद शनिवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटू श्याम मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा श्याम के दर्शन कर देश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की, साथ ही चुनाव में सफलता के लिए आशीर्वाद भी लिया। इस अवसर पर श्री श्याम मंदिर कमेटी के कोषाध्यक्ष रवि सिंह चौहान ने असम सीएम को विधि-विधान से पूजा-अर्चना करवाई। उन्होंने मुख्यमंत्री का श्याम दुपट्टा ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया।
खाटू श्याम मंदिर पहुंचे असम के सीएम हिंमत बिस्वा शर्मा
9 अप्रैल को हुए थे मतदान
असम में 9 अप्रैल को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान संपन्न हो चुका है, जबकि मतगणना 4 मई को निर्धारित है। इसी क्रम में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा राजस्थान के प्रमुख तीर्थ स्थलों खाटूधाम व सालासर बालाजी मंदिर में दर्शन कर भगवान से चुनाव में जीत की कामना कर रहे हैं। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने भरोसा जताया कि भारतीय जनता पार्टी असम में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने जा रही है। उनके अनुसार, पार्टी को लगभग 90 से 100 सीटें मिल सकती हैं और राज्य में भाजपा की सरकार बनने की पूरी संभावना है।
पवन खेड़ा से जुड़े सवाल पर कहा यह
मीडिया द्वारा पवन खेड़ा से जुड़े सवाल पूछे जाने पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने प्रतिक्रिया देने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि वे इस समय देव दर्शन यात्रा पर हैं और इस विषय पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि मामला जांच के अधीन है, उन्हें बाबा श्याम पर पूरा विश्वास है और कानून अपना कार्य करेगा।
अधिकारियों ने किया सीएम का स्वागत
इससे पहले, मुख्यमंत्री के खाटू श्याम मंदिर पहुंचने पर अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। स्वागत करने वालों में एडीएम भागीरथ साख, एसपी प्रवीण नायक नुनावत, एसडीएम मोनिका सामोर, तहसीलदार शैलजा शेखावत, एएसपी दीपक गर्ग और डीवाईएसपी राव आनंद कुमार शामिल रहे। खाटू श्याम मंदिर में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री वहां से सालासर बालाजी मंदिर के लिए रवाना हो गए।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
