Asansol News: पश्चिम बंगाल के आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत आने वाले रेलपार इलाके में शुक्रवार रात जबरदस्त तनाव फैल गया। राज्य सरकार के निर्देश पर लाउडस्पीकर के इस्तेमाल को नियंत्रित करने और आवाज कम रखने के लिए चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के दौरान एक पुलिस चौकी पर हिंसक हमला कर दिया गया। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस चौकी में जमकर तोड़फोड़ की और पुलिस वाहनों को निशाना बनाया।
भीड़ ने पुलिस चौकी में की तोड़फोड़
जागरूकता अभियान के बाद अचानक भड़की हिंसा
जानकारी के अनुसार, पुलिस प्रशासन ने सरकार के आदेशानुसार आसनसोल के विभिन्न हिस्सों में लाउडस्पीकर की आवाज को निर्धारित सीमा के भीतर रखने की अपील की थी। इसी सिलसिले में शुक्रवार दिन में रेलपार के जहांगीर मोहल्ला और कसाई मोहल्ला इलाके में पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच बातचीत और जागरूकता अभियान चलाया गया था। लेकिन, शाम होते-होते इस अभियान ने राजनीतिक और हिंसक रूप ले लिया। अचानक बड़ी संख्या में लोग कसाई मोहल्ला पुलिस चौकी के पास इकट्ठा हो गए और नारेबाजी करने लगे। देखते ही देखते भीड़ हिंसक हो गई और पुलिस चौकी पर पथराव (Stone Pelting) शुरू कर दिया गया।
गाड़ियों में तोड़फोड़, पुलिसकर्मी घायल
उपद्रवियों ने चौकी के बाहर खड़ी पुलिस की गाड़ियों और स्थानीय लोगों की मोटरसाइकिलों में जमकर तोड़फोड़ की। इस अचानक हुए पथराव में कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें भी आई हैं। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने आत्मरक्षार्थ और शांति व्यवस्था कायम करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) को तैनात किया गया है।
CCTV से हो रही उपद्रवियों की पहचान: DCP
घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल गश्त कर रहा है। आसनसोल के पुलिस उपायुक्त (DCP) वी.जी. सतीश पसुमार्थी ने स्थिति की जानकारी देते हुए कहा, "अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। सब कुछ पुलिस के काबू में है और फिलहाल कोई समस्या नहीं है। हम इलाके में लगे सभी सीसीटीवी (CCTV) फुटेज की जांच कर रहे हैं। हिंसा और तोड़फोड़ में शामिल हर एक उपद्रवी की पहचान की जा रही है, और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।" पुलिस ने स्थानीय नागरिकों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
"सबको मानना पड़ेगा नियम"
पुलिस चौकी में तोड़फोड़ पर पश्चिम बंगाल सरकार की मंत्री अग्निमित्रा पॉल का बयान आया है। उन्होंने कहा, "नियम सबको मानना पड़ेगा। भारतीय न्याय संहिता के नियम सभी धर्मों के लोगों पर लागू हैं। मुख्यमंत्री ने बोल दिया है कि कहीं भी लाउडस्पीकर अनुमति से तेज आवाज पर नहीं बजेगा चाहे वो मस्जिद हो, मंदिर हो या गुरुद्वारा..."
