Liquor Policy Case: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) को राउड एवेन्यू कोर्ट ने आज बड़ी राहत दी है। कथित शराब घोटाला मामले में अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया को बरी कर दिया है।
वहीं, कोर्ट से आरोपमुक्त होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मीडिया से बातचीत की। हालांकि, मीडिया से बातचीत के दौरान वो काफी भावुक हो उठे। मीडिया से बात करते-करते केजरीवाल अचानक रोने लगे। इस पर उनके बगल में ही खड़े मनीष सिसोदिया ने उन्हें गले लगा लिया।
वहीं, कोर्ट के फैसले के बाद अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने एक पर पोस्ट लिखा। उन्होंने लिखा,"इस संसार में कोई कितना भी शक्तिशाली हो जाये,शिव शक्ति से ऊपर नहीं हो सकता । सच की हमेशा जीत होती है।"
मैंने अपनी जिंदगी में केवल ईमानदारी कमाई: केजरीवाल
उन्होंने रोते हुए कहा, केजरीवाल भ्रष्ट नहीं है। उन्होंने कहा, "मैंने अपनी जिंदगी में केवल ईमानदारी कमाई है। इन्होंने झूठा केस लगाया और आज ये साबित हो गया, कोर्ट ने कहा है कि केजरीवाल कट्टर ईमानदार है, मनीष कट्टर ईमानदार है, आम आदमी पार्टी कट्टर ईमानदार है।"
अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि हमारे पांच बड़े नेताओं को जेल में रखा गया, हमारे उपमुख्यमंत्री और हमारे ऊपर कीचड़ फेंका गया। उन्होंने कहा, मोदी और शाह ने मिलकर देश का सबसे बड़ा राजनीतिक षड्यंत्र रचा। आज सत्य की जीत हुई है और मैं हमेशा कहता था भगवान हमारे साथ है।
अदालत ने क्या-क्या कहा?
कोर्ट ने साफ कर दिया कि केवल बिना ठोस और पर्याप्त सबूत के लगाए गए आरोपों पर विश्वास नहीं किया जा सकता। अदालत ने CBI की जांच पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि केजरीवाल और सिसोदिया को बिना ठोस सामग्री के मामले में आरोपित किया गया। कोर्ट ने कहा कि सीबीआई द्वारा दायर की गई विस्तृत आरोपपत्र में कई कमियां हैं और उसमें लगाए गए आरोप किसी गवाह या बयान से समर्थित नहीं हैं।
