बिहार में पिछले कुछ समय से पुल गिरने की कई घटनाएं हुई हैं। बिहार चुनाव 2025 से पहले से यह सिलसिला शुरू हुआ था, जो अब भी जारी है। राज्य को गापालगंज में आज यानी सोमवार 2 मार्च को एक और निर्माणाधीन पुल गिरने से हड़कंप मच गया। करीब 29 मीटर लंबे इस पुल को करीब 3 करोड़ की लागत से तैयार किया जा रहा था।
बता दें कि गोपालगंज के सिधवलिया प्रखंड के गंगवा गांव में घोघारी नदी पर बन रहा यह RCC पुल ढलाई के दौरान ही अचानक धराशायी हो गया। करीब 2 करोड़, 89 लाख, 21 हजार की लागत से बन रहे पुल के गिरने से अब इसकी गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।
इस निर्माणाधीन पुल का निर्माण बापूधाम कंस्ट्रक्शन द्वारा किया जा रहा था। लेकिन पुल का निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही इसके स्लैब का एक हिस्सा ध्वस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुल के निर्माण में घटिया सामग्री और कमजोर सरिया का इस्तेमाल किया गया, जिसके कारण पुल का हिस्सा गिर गया।

बिहार में पुल गिरने की एक और घटना हुई
यही नहीं, ग्रामीणों ने निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग पर लापरवाही का भी आरोप लगाया है और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय पर गुणवत्ता की जांच नहीं हुई तो भविष्य में और भी बड़ा हादसा हो सकता है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। फिलहाल के लिए निर्माण कार्य को रोक दिया गया है और जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन भी दिया गया है।
डीएम पवन कुमार सिन्हा स्वयं घटना स्थल पर जांच के लिए गए। उन्होंने मामले की जांच भी शुरू कर दी है। डीएम का कहना है कि इंजीनियर और कंस्ट्रक्शन कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, ताकि फिर से पुल गिरने की घटना न दोहराई जा सके।
