Anantnag Cloudburst: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के चित्तरगुल इलाके में रविवार को बादल फटने के बाद अचानक बाढ़ आ गई। जिसने पूरे इलाके में भारी तबाही मचा दी। तेज बहाव के कारण खेतों, सेब के बागों, कई घरों और सड़कों को भारी नुकसान पहुंचा। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद जिला प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। इसके लिए आपातकालीन टीमें मौके पर भेज दी गई हैं और नुकसान का आकलन शुरू कर दिया गया है।
खेतों और सेब के बागों को भारी नुकसान
स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज बारिश के बाद नाले में अचानक पानी का बहाव बढ़ गया, जिससे धान के खेत और सेब के बाग जलमग्न हो गए। जिसके कारण फसलें बुरी तरह प्रभावित हुईं। इस दौरान रिहाशयी इलाकों में पानी आने से कई घर भी डूब गए। जिससे लोगों को रातोंरात अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा।
लोगों ने मांगा मुआवजा
न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, स्थानीय निवासी मंजूर अहमद खान ने बताया कि इस प्राकृतिक आपदा से किसानों की आजीविका भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने सरकार से नुकसान का सर्वे कराकर धान की फसल, सेब के पेड़ों और अन्य बागवानी फसलों के लिए जल्द मुआवजा देने की मांग की।
मुख्य सड़क भी क्षतिग्रस्त
स्थानीय लोगों के अनुसार, फ्लैश फ्लड की वजह से चित्तरगुल और आसपास के इलाकों को जोड़ने वाली मुख्य सड़क भी क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे आवागमन पर भी भारी प्रभाव पड़ा है। कई इलाकों में लोगों को रातभर सड़क और मस्जिदों में शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा।
प्रशासन ने शुरू किया नुकसान का आकलन
जिला प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत टीमें भेजकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार, हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत के मुताबिक राहत व बचाव कार्य किए जाएंगे। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द सर्वे कराकर प्रभावित परिवारों को उचित सहायता और मुआवजा देने की मांग की है।
