Amrit Udyan Opening Date: राष्ट्रपति भवन का अमृत उद्यान इस वर्ष 3 फरवरी से 31 मार्च, 2026 तक आम जनता के लिए खोल दिया गया है। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने ‘अमृत उद्यान शीतकालीन वार्षिक संस्करण 2026’ का उद्घाटन किया। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उद्यान सप्ताह में छह दिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक दर्शकों के लिए खुला रहेगा, जबकि अंतिम प्रवेश शाम 5 बजे तक लिया जाएगा।
अमृत उद्यान खुलने की तारीख (फोटो: पीटीआई)
सोमवार के दिन उद्यान बंद रहेगा, साथ ही होली के कारण 4 मार्च को भी यह बंद रहेगा। खास मौके के लिए कुछ दिन अलग से निर्धारित किए गए हैं जैसे 3 मार्च को रक्षा कर्मियों, 5 मार्च को वरिष्ठ नागरिकों, 10 मार्च को महिलाओं और आदिवासी महिला स्वयं सहायता समूहों और 13 मार्च को दिव्यांगजन के लिए उद्यान खुला रहेगा। अमृत उद्यान में प्रवेश और बुकिंग दोनों ही निःशुल्क हैं और बुकिंग राष्ट्रपति भवन की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन की जा सकती है।
नहीं होगी यह सुविधा
हालांकि, इस साल विजिटर्स के अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए उद्यान में मौके पर टिकट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। इसलिए सभी विजिटर्स केवल ऑनलाइन माध्यम से ही अपनी बुकिंग कर सकते हैं। उन्हें सलाह दी जाती है कि वे अपने समय स्लॉट पहले से सुनिश्चित कर लें और टिकट पर दिए गए समय और अन्य निर्देशों का पालन करें। किसी विशेष दिन के लिए बुकिंग उसके पूर्व दिन सुबह 10 बजे बंद कर दी जाएगी।
इस गेट से होगी एंट्री और एग्जिट
सभी विजिटर्स के लिए एंट्री और एग्जिट राष्ट्रपति एस्टेट के गेट नंबर 35 से होगी, जो नॉर्थ एवेन्यू और राष्ट्रपति भवन के पास मौजूद है। सुविधा के लिए केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से गेट नंबर 35 तक शटल बस सेवा उपलब्ध कराई गई है, जो सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक हर 30 मिनट में चलेगी। केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से आखिरी शटल बस शाम 4 बजे प्रस्थान करेगी।
इन सुविधाओं का इंतजाम
विजिटर्स अपने साथ मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक चाबियां, पर्स, हैंडबैग, पानी की बोतल और बच्चों के लिए दूध की बोतलें ले जा सकते हैं। सार्वजनिक मार्ग पर पीने का पानी, टॉयलेट और मेडिकल सुविधाओं का इंतजाम भी किया गया है। इसके अलावा, लोग हफ्ते में छह दिन (मंगलवार से रविवार) राष्ट्रपति भवन और राष्ट्रपति भवन म्यूजियम का दौरा कर सकते हैं। हर शनिवार को राष्ट्रपति भवन के फोरकोर्ट में चेंज-ऑफ-गार्ड सेरेमनी का आनंद भी लिया जा सकता है।
(इनपुट - आईएएनएस)
