शहर

सहारनपुर में पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान के मीट प्लांट में अमोनिया गैस का रिसाव, 14 महिला कर्मचारी बेहोश; प्रशासन ने शुरू की जांच

सहारनपुर के गागलहेड़ी स्थित एक मीट प्लांट में अमोनिया गैस के रिसाव से अचानक अफरातफरी मच गई। हादसे में 14 महिला कर्मचारी गैस की चपेट में आने के बाद बेहोश हो गईं, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा मानकों में लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की बात कही है।

Image

सहारनपुर के मीट प्लांट में अमोनिया गैस के रिसाव से मचा हड़कंप (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : iStock

Saharanpur Ammonia Gas Leak: यूपी के सहारनपुर के थाना गागलहेड़ी क्षेत्र स्थित पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान के एएलएम मीट प्लांट में मंगलवार को अमोनिया गैस का रिसाव होने से फैक्ट्री में अफरातफरी मच गई। गैस की चपेट में आने से 14 महिला कर्मचारी बेहोश हो गईं। बताया जा रहा है कि इनमें दो नाबालिग किशोरियां भी शामिल हैं। सभी को तत्काल पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, प्लांट में काम के दौरान अचानक अमोनिया गैस का रिसाव हुआ। गैस फैलते ही कर्मचारियों को सांस लेने में दिक्कत, घुटन और चक्कर आने लगे। कुछ ही देर में कई महिलाएं और किशोरियां बेहोश होकर गिर पड़ीं। इसके बाद फैक्ट्री में हड़कंप मच गया और अन्य कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

गैस रिसाव के कारणों की जांच शुरू

जानकारी के मुताबिक घटना में प्रभावित कर्मचारियों में सकीबा, 35 वर्षीय नसरीन, गुलशन, 20 वर्षीय सरवीन, 18 वर्षीय रुखसार, निशा, 12 वर्षीय नयना, 18 वर्षीय निशा, 18 वर्षीय मीसबा, पीलीभीत की 20 वर्षीय मजरीन, बरेली की 29 वर्षीय फमीना और 18 वर्षीय बानो, सरीन और नगमा शामिल हैं। इनमें 12 साल की नयना समेत दो किशोरियां नाबालिग बताई जा रही हैं। फिलहाल सभी का अस्पताल में इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही गागलहेड़ी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने फैक्ट्री का निरीक्षण कर गैस रिसाव के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि प्लांट में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।

लापरवाही सामने आई तो होगी कार्रवाई

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गैस रिसाव के समय प्लांट में नियमित कार्य चल रहा था। अचानक अमोनिया गैस फैलने से कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। साथी कर्मचारियों ने बेहोश महिलाओं और किशोरियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस और अन्य वाहनों से अस्पताल पहुंचाया। प्रशासन का कहना है कि गैस रिसाव के कारणों की विस्तृत जांच कराई जा रही है। अगर सुरक्षा मानकों में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं अस्पताल में भर्ती सभी प्रभावितों की हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article