शहर

'कल क्या होगा, हमें पता नहीं'; नीतीश से मिले बाहुबली विधायक अनंत सिंह; सीएम के इस्तीफे पर साधी 'सियासी' चुप्पी

जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने आज मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर सीएम नीतीश कुमार से मुलाकात की। अनंत सिंह जेल से बाहर आने के बाद पहली बार CM से मिलने पहुंचे थे। मुलाकात को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

Image

अनंत सिंह (File photo)

Photo : PTI

बिहार की सियासत में इन दिनों गहमागहमी बनी हुई है। नीतीश कुमार के राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद से चर्चा है कि वे जल्दी ही सीएम पद से इस्तीफा देने वाले हैं और उनकी जगह पर राज्य को नया सीएम मिलेगा। हालांकि सीएम भाजपा से होगा या जदयू से इसको लेकर भी अभी कुछ साफ नहीं है। हालांकि आधिकारिक रूप से नीतीश कुमार के इस्तीफे पर भी न तो जदयू का और न ही भाजपा या खुद नीतीश कुमार का कोई बयान आया है। इसी बीच, जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह आज मुख्यमंत्री आवास पहुंचे।जेल से बाहर आने के बाद यह पहली बार था जब उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। इस मीटिंग को लेकर राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

'हमें कोई जानकारी नहीं'

मुलाकात के बाद बाहर निकलकर अनंत सिंह ने मीडिया से भी बातचीत की। उन्होंने कहा, 'हम नीतीश कुमार से मिले, प्रणाम किया।' इस दौरान उन्होंने यह भी दावा किया कि पहले भी उन्होंने नीतीश कुमार से पद पर बने रहने को कहा था, लेकिन उस समय मुख्यमंत्री ने इसे नहीं माना। जब उनसे पूछा गया कि क्या नीतीश कुमार इस्तीफा देने वाले हैं, तो अनंत सिंह ने साफ कहा, “हमें कोई जानकारी नहीं है… कल क्या होगा, कुछ नहीं कह सकते।”

निशांत की बात पर साध ली चुप्पी

वहीं, जब उनसे नीतीश कुमार के बेटे निशांत को लेकर सवाल पूछा गया तो इस पर भी अनंत सिंह पूरी तरह चुप रहे। उनकी इस चुप्पी ने सियासी कयासबाज़ी को और बढ़ा दिया है।

निशांत को बताया था सीएम पद के लिए उपयुक्त दावेदार

इससे पहले हाल ही में बिहार शरीफ दौरे के दौरान अनंत सिंह ने साफ कहा था कि नीतीश कुमार के बाद अगर कोई इस पद के लिए सबसे उपयुक्त है, तो वह उनके बेटे निशांत कुमार हैं। अनंत सिंह ने कहा कि निशांत कुमार पढ़े-लिखे, ईमानदार और अच्छे व्यक्तित्व वाले हैं। उन्होंने कहा कि निशांत में नेतृत्व करने की पूरी क्षमता है और वह बिहार का बेहतर नेतृत्व कर सकते हैं।

इस दौरान उन्होंने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर भी बड़ा संकेत दिया था। अनंत सिंह ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ते हैं,तो वह भी चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी स्थिति में उनकी जगह उनका बेटा चुनाव मैदान में उतरेगा।वहीं, नीतीश कुमार के दिल्ली दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर अनंत सिंह ने हल्के-फुल्के अंदाज में जवाब दिया था। उन्होंने कहा कि दिल्ली कोई विदेश नहीं है, वहां आना-जाना लगा रहता है और इसमें किसी तरह की खास बात नहीं है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article