Aligarh News: अलीगढ़ के सासनीगेट चौराहे पर रविवार को अहिल्याबाई होल्कर जयंती के अवसर पर उस समय हंगामा मच गया, जब कुछ युवकों ने रोड पर खतरनाक स्टंटबाजी शुरू कर दी। बाइक और ट्रैक्टर से स्टंट के कारण सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई। इससे आम लोगों को चोट पहुंचने की भी आशंका थी। जिसे देखते हुए पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और युवकों को रोकने का प्रयास किया। लेकिन युवक पुलिसकर्मियों से ही उलझ गए और एक दरोगा के साथ हाथापाई कर उनकी वर्दी फाड़ दी।
अलीगढ़ में जुलूस के दौरान बवाल
जानकारी के मुताबिक, अहिल्याबाई होल्कर जयंती के अवसर पर रविवार को कई शोभायात्राएं शहर में आयोजित की गईं थी। जिनमें से अधिकांश शोभायात्राओं का समापन सासनीगेट क्षेत्र में होने के कारण हाथरस अड्डा से लेकर सासनीगेट चौराहे तक भारी जाम की स्थिति बनी हुई थी। तभी दोपहर करीब डेढ़ बजे कुछ युवक सड़क पर ट्रैक्टर और मोटरसाइकिलों से स्टंटबाजी करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवकों द्वारा ट्रैक्टर को तेज रफ्तार में गोल-गोल घुमाया जा रहा था, जिससे आसपास मौजूद लोगों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया। इससे आगरा-मथुरा रोड समेत आसपास के रास्तों पर जाम की स्थिति बन गई।
इस दौरान मौके पर मौजूद सासनीगेट चौकी के एक दरोगा ने ट्रैक्टर चालक को रोकने की कोशिश की। लेकिन युवक और उनके समर्थक पुलिसकर्मी पर ही हावी हो गए। आरोप है कि युवकों ने दरोगा के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की। आरोपियों ने पुलिसकर्मी की वर्दी भी फाड़ दी और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्रता की गई।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी आदित्य बंसल, सीओ छर्रा कमलेश कुमार, सीओ द्वितीय धनंजय सिंह और सीओ तृतीय सर्वम सिंह समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए भीड़ को हटाया और चार युवकों को हिरासत में ले लिया। वहीं घायल दरोगा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
