Akhilesh Yadav Meets Naveen Patnaik: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भुवनेश्वर में बीजू जनता दल के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से मुलाकात की। बैठक के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि नवीन पटनायक एक बेहद वरिष्ठ और अनुभवी नेता हैं। नवीन पटनायक ने और उनके पिता ने ओडिशा के विकास में अहम भूमिका निभाई और आम लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया।
अखिलेश यादव ने की नवीन पटनायक से मुलाकात (फोटो: ANI)
अखिलेश यादव ने बताया कि यह मुलाकात शिष्टाचार भेंट थी। सपा प्रमुख ने कहा कि, इनके पिताजी के साथ नेताजी ने काम किया था और अब वे स्वस्थ हैं। अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि वे और नवीन पटनायक दोनों ही भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने यह भी सराहना की कि नवीन पटनायक ने लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहते हुए राज्य की जनता की सेवा की।
एक्स पर लिखा ये
इसी बीच, अखिलेश यादव ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सत्ताधारी दल पैसों के अलावा किसी का सगा नहीं है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा किए गए अपने बयान में आरोप लगाया कि भाजपा अपने करीबी लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए काशी की दाल मंडी में घरों और दुकानों पर दबाव बना रही है। उन्होंने कहा कि जनता अब इस तरह के जुल्म और अत्याचार को और बर्दाश्त नहीं करेगी।
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि भाजपा के लिए सत्ता केवल धन कमाने का साधन बनकर रह गई है और पार्टी ने भरोसे को तोड़ने का काम किया है। उनके अनुसार, भाजपा अब विश्वासघात का पर्याय बन चुकी है और उसके सत्ता से हटते ही आम लोगों को राहत मिलेगी। इस पोस्ट के साथ अखिलेश यादव ने 2 मिनट 19 सेकंड का एक वीडियो भी साझा किया। वीडियो में लखीमपुर खीरी के निवासी संजीव जायसवाल दिखाई देते हैं, जो राम मंदिर आंदोलन के दौरान कथित तौर पर 22 दिनों तक जेल में रहे थे। क्लिप में वे मौजूदा सरकार पर व्यंग्य करते हुए अपनी बात रखते नजर आते हैं।
