अगले साल होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव से पहले देश के सबसे बड़े सूबे की सियासत में गर्मी बढ़ गई है। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने एक बार फिर कुछ ऐसा कह दिया है जिस पर अगले कई दिनों तक यूपी के सियासी गलियारों में चर्चा होनी तय है। दरअसल, आज योगी आदित्यनाथ चार दिनों के लिए जापान के दौरे पर जा रहे हैं। इसी क्रम में सपा प्रमुख योगी सरकार को घेर रहे थे, तभी उन्होंने यूपी के दोनों डिप्टी सीएम को एक बार फिर सीएम बनने का ऑफर दे दिया। हालांकि उन्होंने इसके लिए शर्त भी रखी है और शर्त है कि दोनों लोग 100-100 विधायकों को लेकर सपा में आएं।
क्या बोले सपा प्रमुख
गोरखपुर में 19 लोगों की आंखों की रोशनी जाने के मामले में सरकार पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने अपनी पुरानी पेशकश फिर से दोहराई। उन्होंने कहा कि हम अपना पुराना ऑफर फिर से दे रहे हैं। 100-100 विधायक लाओ और प्रदेश के सीएम बन जाओ। उन्होंने दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक का बिना नाम लिए कहा कि जो भी 100 विधायक लाएगा वह एक सप्ताह के लिए प्रदेश का मुख्यमंत्री बनेगा।'सपा प्रमुख अब राजनेता कम और पोगो चैनल के कैरेक्टर ज्यादा लगते हैं'
अखिलेश यादव के इस बयान से सूबे की सियासत का पारा बढ़ गया है। भाजपा नेताओं ने भी अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार किया है। भाजपा प्रवक्ता और नेता मनीष शुक्ला ने अखिलेश यादव पर पलटवार करते हुए उन्हें पोगो चैनल का कैरेक्टर करार दिया। मनीष शुक्ला ने कहा कि अखिलेश यादव का बयाव उनकी राजनीतिक हताशा का जीवंत प्रमाण है। सपा प्रमुख अब राजनेता कम और पोगो चैनल के कैरेक्टर ज्यादा लगते हैं। वे जब भी कुछ बोलने के लिए टीवी पर आते हैं, तो लोगों की हंसी छूट जाती है। जनता ने उन्हें गंभीरता से लेना बंद कर दिया है, क्योंकि वे गंभीर मुद्दों पर भी गंभीर नहीं रहते।'अखिलेश मुंगेरी लाल के हसीन सपने देखते रहते हैं'
वहीं, भाजपा नेता आर.पी. सिंह ने भी समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बयान तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव जब ये कहते हैं कि 100 विधायक लाओ और 1 हफ्ते के लिए मुख्यमंत्री बन जाओ तो वे राजनीति का व लोकतंत्र का उपहास उड़ा रहे हैं। उन्हें पता है कि वे कभी अपने दम पर तो मुख्यमंत्री बनने से रहे इसलिए वे इस प्रकार से मुंगेरी लाल के हसीन सपने देखते रहते हैं।
