शहर

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे को लेकर अखिलेश ने BJP को घेरा, बोले- उद्घाटन से पहले ही धंसी 4,700 करोड़ की परियोजना

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि करीब 4,700 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह एक्सप्रेसवे उद्घाटन से पहले ही क्षतिग्रस्त हो गया।

Image

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (फाइल फोटो)

Photo : PTI

Akhilesh Yadav: राम मंदिर चंदा विवाद के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को आरोप लगाया कि 4,700 करोड़ रुपये की लागत से बना लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे उद्घाटन से पहले ही धंस गया। सपा प्रमुख ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तंज कसते हुए कहा, "एक्सप्रेसवे इसलिए बनाए जाते हैं कि लोग बेफिक्र होकर तेजी से सफर कर सकें, न कि पूरे रास्ते भगवान का नाम जपते रहें।"

उद्घाटन से पहले ही धंसा लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे

अखिलेश यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि, "एक्सप्रेसवे इसलिए बनते हैं कि लोग तेजी से बेफिक्र होकर चलें, इसलिए नहीं कि लोग रस्ते भर ऊपरवाले का नाम जपें। भाजपा सरकार में 4,700 करोड़ रुपये की लागत से बना लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे उद्घाटन से पहले ही धंस गया, उधर महाराष्ट्र में भाजपा सरकार के दौरान 6,700 करोड़ रुपये की लागत से बना मिसिंग लिंक बदहाल हो गया जिससे वह भाजपा सरकार और भ्रष्टाचारियों के कनेक्टिंग लिंक के रूप में पूरी दुनिया में बदनाम हो गया।"

क्या महाभ्रष्टाचार की प्रतियोगिता हो रही है?

सपा प्रमुख ने सवाल उठाते हुए बोला कि, "क्या भाजपा शासित राज्यों में महाभ्रष्टाचार की प्रतियोगिता हो रही है? क्या इन दोनों परियोजनाओं का डिजाइन लखनऊ वालों ने तैयार किया है?" उन्होंने दावा किया, "दो शहरों के बीच की यात्रा में जितना समय लगेगा, उससे अधिक समय तो एक्सप्रेसवे से शहर में प्रवेश करने में लग जाएगा।"

किसके लिए बनाई जा रही है परियोजना?

अखिलेश यादव ने आगे कहा कि, "जनता पूछ रही है कि यह परियोजना लोगों की सुविधा के लिए बनाई गई है या भाजपा से जुड़े ठेकेदारों को मुनाफा पहुंचाने के लिए? अगर भ्रष्टाचार की वजह से यही हाल रहा, तो 40 मिनट की यात्रा पर निकलने से पहले यात्री 40 बार सोचेगा। यदि गति सुरक्षित नहीं है, तो उसका कोई अर्थ नहीं है।"

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदी author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article