अहमदाबाद में ₹39.57 करोड़ के पटाखों का बड़ा जखीरा जब्त, एक्सपायर्ड लाइसेंस और बिना NOC चल रहे थे गोदाम

अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस ने चांगोदर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये मूल्य के अवैध रूप से संग्रहीत पटाखों का विशाल जखीरा जब्त किया है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

Ahmedabad News: अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस ने चांगोदर में ऐसी कार्रवाई की है, जिसने पटाखों के अवैध भंडारण और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। साणंद एसडीपीओ और चांगोदर पुलिस की संयुक्त टीम ने मोडासर-अमथापुरा रोड स्थित अंबिका ट्रेड लिंक के दो विशाल गोदामों पर छापा मारकर ₹39.57 करोड़ मूल्य के 65,954 कार्टन पटाखे जब्त किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इतने बड़े पैमाने पर विस्फोटक सामग्री ऐसे समय में रखी गई थी, जब न तो लाइसेंस वैध था और न ही फायर विभाग की अनिवार्य एनओसी उपलब्ध थी। पुलिस ने मामले में लाइसेंस धारक अमितकुमार हरेंद्रभाई मोदी और गोदाम के मैनेजर किशनभाई (रमणभाई) पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), विस्फोटक अधिनियम और विस्फोटक नियमों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Ahmedabad Firecracker Seizure

अहमदाबाद के चांगोदर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

एक सूचना और खुल गया करोड़ों का जखीरा

20 जुलाई को चांगोदर पुलिस और साणंद एसडीपीओ कार्यालय की टीम नियमित पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि मोडासर गांव से अमथापुरा जाने वाले मार्ग पर स्थित अंबिका ट्रेड लिंक के दो गोदामों में बिना वैध अनुमति के बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने दो स्वतंत्र पंचों को साथ लिया और गोदामों पर पहुंची। वहां मौजूद मैनेजर किशनभाई पटेल ने बताया कि गोदाम का संचालन अमितकुमार मोदी के नाम पर किया जाता है और वह स्वयं पूरे स्टॉक की देखरेख करता है।

End of Feed