टमाटर नहीं आलू से बन केचप खा रहे हैं आप! रंग और फ्लेवर से हो रहा तैयार; अहमदाबाद में 10 हजार KG नकली माल जब्त

अहमदाबाद में टमाटर के बजाय आलू की पेस्ट से केचप तैयार किया जा रहा था। जैन समुदाय के लोगों को भी गुमराह कर बेचे जाने का आरोप है। फिलहाल, फूड विभाग ने 10000 किलो केचप बनाने वाली कंपनी का लाइसेंस रद्द किया है।

अहमदाबाद के गोता इलाके में फूड विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित नकली टोमैटो केचप बनाने वाली एक फैक्ट्री से कुल 10,000 किलो माल जब्त किया है। इसमें बाजार में बिक्री के लिए तैयार 5,000 किलो केचप जैसा उत्पाद और करीब 5,000 किलो कच्चा माल शामिल है। विभाग ने इकाई का लाइसेंस रद्द कर फैक्ट्री को सील कर दिया है। फूड विभाग के मुताबिक, यहां टोमैटो केचप के नाम पर ऐसा उत्पाद तैयार किया जा रहा था, जिसमें टमाटर के बजाय आलू की पेस्ट का इस्तेमाल होता था। आरोप है कि आलू का पाउडर बनाकर उसमें पानी मिलाया जाता था। इसके बाद तैयार पेस्ट में अलग-अलग रंग और फ्लेवर मिलाकर उसे टोमैटो केचप जैसा रूप दिया जाता था।

Ahmedabad fake ketchup

अहमदाबाद के गोता में 10,000 किलो संदिग्ध नकली टोमैटो केचप जब्त

आलू की पेस्ट से तैयार होता था केचप जैसा उत्पाद

जांच में सामने आए विवरण के अनुसार, तैयार उत्पाद को पांच-पांच किलो के डिब्बों में पैक करके कथित तौर पर 350 रुपये प्रति डिब्बे की दर से बेचा जाता था। इसके अलावा एक-एक रुपये के छोटे पैकेट बनाकर बेचने की भी जानकारी सामने आई है। फूड विभाग के अधिकारियों के अनुसार, उत्पाद को टोमैटो केचप के नाम पर बेचा जा रहा था, जबकि उसमें टमाटर का इस्तेमाल नहीं किए जाने का आरोप है। इस तरह उत्पाद की वास्तविक सामग्री और उसकी पहचान को लेकर उपभोक्ताओं को गुमराह किए जाने की आशंका जताई गई है।

End of Feed