अहमदाबाद में लंदन जा रहे दोस्त को एयरपोर्ट छोड़ने निकले थे 5 यार, तेज रफ्तार कार पलटने से एक ने गंवाई जान, ड्राइवर फरार

मयूर के भाई जयेंद्र आजाद राठौड़ की शिकायत के अनुसार, एयरपोर्ट रोड पर हांसोल के पास असारवा ओडवास के सामने यश कार तेज रफ्तार और लापरवाही से चला रहा था। इस दौरान कार का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हा

अहमदाबाद के हांसोल इलाके में एयरपोर्ट रोड पर शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार स्कोडा कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में 32 वर्षीय मयूर आजाद राठौड़ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो दोस्त चिराग और हार्दिक घायल हो गए। कार चला रहा यश हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

ahmedabad car accident

तेज रफ्तार स्कोडा कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई

FIR के मुताबिक, घटना 27 नवंबर 2026 की रात करीब 2:45 बजे की है। चांदखेड़ा के पांच दोस्त अपने मित्र जीगर को लंदन जाने वाली फ्लाइट के लिए अहमदाबाद एयरपोर्ट छोड़ने निकले थे। जीगर और उसके परिवार के सदस्य दूसरी कार में जा रहे थे, जबकि मयूर, चिराग, हार्दिक, यश और भावेश स्कोडा कार में सवार थे।

तेज रफ्तार में डिवाइडर से टकराई कार

मयूर के भाई जयेंद्र आजाद राठौड़ की शिकायत के अनुसार, एयरपोर्ट रोड पर हांसोल के पास असारवा ओडवास के सामने यश कार तेज रफ्तार और लापरवाही से चला रहा था। इस दौरान कार का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में पीछे की सीट पर बैठे चिराग के बाएं हाथ में चोट आई, जबकि हार्दिक को भी शरीर पर चोटें लगीं। मयूर के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। भावेश ने मयूर के भाई को फोन कर हादसे की जानकारी दी।

108 एंबुलेंस के डॉक्टर ने मयूर को मृत घोषित किया

सूचना मिलने पर जयेंद्र घटनास्थल पहुंचे। वहां स्कोडा कार पलटी हुई थी और मयूर गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा था। आसपास के लोगों की मदद से सभी को कार से बाहर निकाला गया। 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने जांच के बाद मयूर को मृत घोषित कर दिया। घायल चिराग और हार्दिक को इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया।

हादसे के बाद कार चालक फरार, पुलिस तलाश में जुटी

FIR में आरोप लगाया गया है कि हादसे के बाद कार चला रहा यश बिना किसी को कुछ बताए मौके से चला गया। G ट्रैफिक डिवीजन के PI बी.जे. सरवैया के मुताबिक, कार चालक हादसे के बाद फरार हो गया था। पुलिस ने आसपास के अस्पतालों और अन्य जगहों पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। पुलिस ने कार चालक यश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश की जा रही है। हादसे में मयूर की मौत से उसके दोस्तों और परिवार में शोक का माहौल है।

End Article
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ...

End of Feed