Agra Encounter: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (यूपी एसटीएफ) की नोएडा यूनिट और आगरा पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को आगरा के एकता थाना क्षेत्र में एक बदमाश के साथ मुठभेड़ की। इस मुठभेड़ में एक कुख्यात अपराधी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। यूपी एसटीएफ मीडिया सेल की ओर से जारी बयान के अनुसार, घायल अपराधी की पहचान पवन उर्फ कल्लू, पुत्र संतराम, निवासी सिरौली, थाना लोनी, गाजियाबाद के रूप में हुई है। आरोपी ताजगंज थाना में दर्ज रंगदारी के मामले में वांछित था। उसके खिलाफ 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
आगरा से 50 हजार रुपए का इनामी अपराधी गिरफ्तार
रणदीप भाटी-अमित कसाना गैंग का शूटर
पुलिस के मुताबिक, पवन शासन ने चिन्हित कुख्यात रणदीप भाटी-अमित कसाना गैंग का सक्रिय शूटर है। उसके खिलाफ हत्या के चार और रंगदारी के दो मामलों सहित कुल 18 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। 2021 में हत्या के एक मामले में उस पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया था, जिसके बाद उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
भारी मात्रा कारतूस और अवैध हथियार जब्त
मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने उसके पास से बड़ी मात्रा में कारतूस और अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। बरामद 9 एमएम पिस्टल वर्ष 2016 में थाना बिसरख, गौतमबुद्ध नगर क्षेत्र से कांस्टेबल मोनू धीमन से लूटी गई थी, जो उस समय एडीजे की पीएसओ ड्यूटी पर तैनात थे। इस घटना के संबंध में थाना बिसरख में केस नंबर 247/16 धारा 279/337/392/427 आईपीसी के तहत मामला दर्ज है।
घायल बदमाश का इलाज जारी
पुलिस की जांच में यह भी पता चला है कि जेल में रहते हुए पवन हरियाणा के कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग के संपर्क में आ गया था। वर्ष 2025 में जेल से रिहा होने के बाद उसने बड़े पैमाने पर रंगदारी की मांग शुरू कर दी थी। पुलिस के अनुसार, वह उक्त गैंग के साथ मिलकर दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गंभीर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने की योजना बना रहा था। फिलहाल घायल बदमाश का इलाज जारी है।
