आगरा

यूपी के इस शहर में हेरिटेज कॉरिडोर बनाने की तैयारी तेज, बांके बिहारी तक बनेगा लिंक एक्सप्रेसवे; YEIDA को मिली शासन से मंजूरी

YEIDA मथुरा में हेरिटेज कॉरिडोर बनाने की तैयारी कर रहा है। इस दौरान यमुना एक्सप्रेसवे को बांके बिहारी मंदिर से एक लिंक एक्सप्रेसवे बनाकर जोड़ा जाएगा। इसके साथ शासन ने यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण के फेज 2 मास्टर प्लान को मंजूरी दे दी है।

Image

बांके बिहारी तक बनेगा लिंक एक्सप्रेसवे

यमुना एक्सप्रेसवे को बांकेबिहारी मंदिर से जोड़ने की तैयारी जल्द शुरू होने वाली है। जानकारी के अनुसार, एक्सप्रेसवे से बांके बिहारी मंदिर को जोड़ने के लिए एक मिनी लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण किया जाएगा। अयोध्या और काशी के बाद अब, मथुरा में हेरिटेज कॉरिडोर बनाने की तैयारी तेज होने लगी है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा फेस 2 मास्टर प्लान को शासन की मंजूरी भी मिल गई है। दरअसल यमुना विकास प्राधिकरण ग्रेटर नोएडा से वृंदावन को जोड़ने की योजना के साथ इसे अपने क्षेत्र में लाने की तैयारी में भी जुटा है। आइए आपको मथुरा में बनने वाले हेरिटेज कॉरिडोर और एक्सप्रेसवे के बारे में बताएं -

हेरिटेज कॉरिडोर में क्या होगा शामिल

जानकारी के अनुसार, मथुरा में बनने वाले हेरिटेज कॉरिडोर में कन्वेंशन सेंटर, कला संस्थान, कृषि संस्थान, योग व प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र, बटज होटर, रिसोर्ट, अस्पताल, इलेक्ट्रिक बस डिपो आदि का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही हेरिटेज सिटी में आने वाले कॉरिडोर में द्वापर काल के नंदगांव, बरसाना, गोकुल जैसे गांवों का विकास किया जाएगा, जो पर्यटन को बढ़ावा देगा। यह कॉरिडोर दो मंजिला होगा। इसमें जूते रखने का स्टैंड, सामान रखने वाला स्टैंड, पीने का पानी, बाथरूम, चिकित्सा और शिशु देखभाल करने का स्थान आदि जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।

अयोध्या काशी के बाद अब मथुरा की बारी

औद्योगिक विकास विभाग के प्रमुख सचिव आलोक कुमार द्वारा एक्स पर एक पोस्ट किया गया था, जिसमें 'अयोध्या-काशी के बाद मथुरा की बारी! लिखते हुए जानकारी दी गई थी, कि यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा यमुना एक्सप्रेसवे को बांकेबिहारी मंदिर के साथ जोड़ा 6 किमी का लिंक रोड बनाने की तैयारी शुरू की जा रही है। इस दौरान ग्रेटर नोएडा से वृंदावन बांके बिहारी के दर्शन करने की इच्छा रखने वाले श्रद्धालु आसानी से बिना झंझट के कम समय में यात्रा कर सकेंगे।

बताया जा रहा है कि बनने वाला यह नया लिंक एक्सप्रेसवे यमुना नदी के दोनों तरफ बनाया जाएगा। इसके निर्माण से फरीदाबाद, दिल्ली, गुरुग्राम से वृंदावन आने-जाने वाले यात्रियों को सबसे अधिक लाभ होगा। कम समय में बिना किसी परेशानी और जाम से यात्री आसानी से अपने गंतव्य पर पहुंच पाएंगे। जानकारी के अनुसार, इस लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण करने में 250 करोड़ रुपये की लागत लग सकती है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article