Vrindavan News: वृंदावन बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के लिए लोगों की भारी भीड़ लगी रहती है। सामान्य दिनों की तुलना में वीकेंड पर भक्तों की संख्या दोगुना अधिक हो जाती है। इस बीच अधिकतर लोग अपने वाहन से यात्रा करते हैं। ऐसे में वृंदावन में ट्रैफिक जाम की समस्या भी बढ़ती जा रही है। सड़कों पर पार्किंग के कारण ट्रैफिक का दबाव बढ़ रहा है। ट्रैफिक की समस्या से निजात दिलाने के लिए और बांके बिहारी मंदिर और वृंदावन घूमने जाने वाले भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (YEIDA) ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। YEIDA ने यमुना नदी के पास विशाल ओपन पार्किंग बनाने का प्रस्ताव रखा, जिसे मंजूरी दे दी गई है। आइए आपको इसके बारे में विस्तार से बताएं -
वृंदावन में होगा ओपन पार्किंग का निर्माण
जानकारी के अनुसार, यमुना प्राधिकरण द्वारा यमुना नदी के किनारे खादर क्षेत्र की 12 हेक्टेयर भूमि पर ओपन पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। इसके माध्यम से दर्शन के लिए पहुंचे भक्त और पर्यटकों को इसका सबसे अधिक लाभ होगा। इससे ट्रैफिक जाम की स्थिति में कमी आएगी। सड़कों पर गाड़ियां न रहने से ट्रैफिक सुचारू रूप से चलता रहेगा।
पार्किंग निर्माण को मिली मंजूरी
ओपन पार्किंग के निर्माण को लेकर एक प्रस्ताव यमुना प्राधिकरण की बोर्ड मीटिंग में रखा गया। इस प्रस्ताव को सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने सकारात्मक रूप से लिया और बोर्ड ने प्रस्वात को मंजूरी दी।
हेरिटेज सिटी के नहीं कोई संबंध
जानकारी के अनुसार, वृंदावन में हेरिटेज सिटी का विकास किया जा रहा है, लेकिन ओपन पार्किंग विकास का ये प्रोजेक्ट इस परियोजना का हिस्सा नहीं है। इसे अलग से विकसित किया जा रहा है। सीईओ ने बताया कि प्रोजेक्ट का विकास पर्यावरण के साथ यमुना नदी के खादर क्षेत्र के इको सिस्टम को बिना नुकसान पहुंचाए किया जाएगा। ओपन पार्किंग के प्रोजेक्ट के माध्यम से वृंदावन की ट्रैफिक व्यवस्था सुगम होगी। मुख्य शहर में ट्रैफिक का दबाव कम हो जाएगा।
