आगरा

आगरा में लगातार बारिश से ताज भी बेहाल, मुख्य गुंबद से रिसा पानी, जानें ASI ने क्या कहा

आगरा में स्थित ताजमहल के मुख्य गुंबद से पानी रिस रहा है। इसको लेकर एसआई, आगरा मंडल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि गुंबद में सीलन के कारण यह रिस रहा है। इससे कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। आगरा में पिछले तीन दिन से लगातार बारिश हो रही है।

Image

ताज महल

आगरा में पिछले तीन दिन से लगातार जारी बारिश के कारण ताजमहल के मुख्य गुंबद से पानी का रिसाव हो रहा है, वहीं परिसर स्थित एक उद्यान में पानी भर गया है। ताजमहल परिसर में जलमग्न उद्यान का कथित वीडियो गुरुवार को वायरल हुआ था। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई), आगरा मंडल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि मुख्य गुंबद में सीलन के कारण रिसाव हो रहा है लेकिन इससे इसे कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

सीलन के कारण हुआ रिसाव

आगरा मंडल के अधीक्षण पुरातत्वविद् राजकुमार पटेल ने ताजमहल के मुख्य गुंबद से रिसाव को लेकर कहा, ‘‘हां, हमने ताजमहल के मुख्य गुंबद से रिसाव देखा है। उसके बाद जब हमने निरीक्षण किया तो पता चला कि यह सीलन के कारण हुआ और मुख्य गुंबद को कोई नुकसान नहीं हुआ है। हमने ड्रोन कैमरे के जरिए मुख्य गुंबद का निरीक्षण किया।’’ गुरुवार शाम को 20 सेकंड का एक कथित वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुआ था जिसमें ताजमहल का एक बगीचा बारिश के पानी में डूबा हुआ दिखाई दे रहा है।

बारिश से पॉश इलाकों में भरा पानी

सरकार से मान्यता प्राप्त ‘टूर गाइड’ के तौर पर कार्यरत स्थानीय निवासी मोनिका शर्मा ने कहा कि ताजमहल आगरा और पूरे देश का गौरव है। उन्होंने कहा कि इससे सैकड़ों स्थानीय लोगों और पर्यटन उद्योग में काम करने वाले लोगों को रोजगार मिलता है। शर्मा ने कहा, ‘‘इस स्मारक की उचित देखभाल की जानी चाहिए क्योंकि पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों के लिए यह एकमात्र उम्मीद है।’’ आगरा में पिछले तीन दिन से लगातार बारिश हो रही है, जिसके कारण शहर के अधिकतर इलाकों में जलभराव हो गया है। लगातार बारिश के कारण एक राष्ट्रीय राजमार्ग में पानी भर गया है, फसलें पानी में डूब गई हैं और शहर के पॉश इलाकों में पानी भर गया है। आगरा प्रशासन ने बारिश के कारण सभी विद्यालयों को बंद करने का आदेश दिया है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article