JD Vance Agra Visit: अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस सोमवार को अपने परिवार के साथ भारत की चार दिवसीय यात्रा पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने व्यापार सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। दिल्ली और जयपुर के दौरे के बाद आज अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ताजमहल का दीदार करने के लिए परिवार के साथ आगरा पहुंचे। पहली बार भारत यात्रा पर आए अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को राज्य अतिथि का दर्जा दिया गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं आगरा एयरफोर्स स्टेशन के टेक्निकल एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। सीएम योगी CM योगी आदित्यनाथ ने अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और उनके परिवार का गर्मजोशी के साथ फूलों का गुलदस्ता देकर स्वागत किया।
जेडी वेंस ने आज आगरा का दौरा किया
ताजमहल देखने के लिए हुए रवाना
अमेरिकी उपराष्ट्र्पति जेडी वेंस अपने राजकीय स्पेशल विमान से सुबह 9.15 बजे आगरा के टेक्निकल एयरपोर्ट पहुंचे। यहां पर सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फूलों का गुलदस्ता देकर उनका और उनके परिवार का स्वागत किया। सीएम योगी के भव्य स्वागत से अमेरिकी उपराष्ट्रपति गदगद नजर आए। सीएम योगी का धन्यवाद कर अमेरिकी राष्ट्रपति जेडी वेंस एयरपोर्ट से सीधे ताजमहल देखने के लिए परिवार संग पहुंचे।
दुल्हन की तरह सजा शहर
अमेरिकी उपराष्ट्र्पति जेडी वेंस के आगरा दौरे को लेकर एयरपोर्ट से ताजमहल तक शहर को दुल्हन की तरह सजाया और संवारा गया। सड़क किनारे अमेरिका और भारत के राष्ट्रीय ध्वज लगाए गए । अमेरिकी उपराष्ट्र्पति के स्वागत में सुंदर रंगोली, सेंड आर्ट और चौराहों पर आकर्षक सजावट की गई। स्वागत में पूरे रूट पर बड़े- बड़े होर्डिंग और बैनर भी लगाए गए।
सीएम योगी ने अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का स्वागत किया
सुरक्षा का रखा गया ध्यान
जेडी वेंस के दौरे का कार्यक्रम तीन घंटे का होगा। इस दौरान किसी भी ट्रैफिक मूवमेंट की इजाजत नहीं होगी। पुलिस बल ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हुए हैं। इस दौरान एयरपोर्ट से शिल्पग्राम रोड के रास्ते ताजमहल तक लगभग 12 किलोमीटर की सड़क पर सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू रही। अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों ने तीन दिन से आगरा में डेरा डाले रखा हुआ है।
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस परिवार संग ताजमहल पहुंचे
सांस्कृतिक संबंधों की नई झलक
अपनी चार दिवसीय यात्रा के लिए भारत आए अमेरिकी उपराष्ट्र्पति जेडी वेंस, दिल्ली और जयपुर के बाद, आज आगरा पहुंचे हैं। ऐसे में, जेडी वेंस की ये यात्रा भारत और अमेरिका के बीच सांस्कृतिक संबंधों को भी अग्रसर कर रही है। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का भारत की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों का भ्रमण करना न केवल भारत की समृद्ध विरासत का अनुभव है, बल्कि ये अमेरिका और भारत की मित्रता का एक भावनात्मक प्रतीक भी है।
