आगरा

Agra: महिला आयोग की अध्यक्ष ने की रेप पीड़िता के परिवार से मुलाकात, आरोपी को कड़ी सजा दिलाने का दिया आश्वासन

Agra: आगरा में रेप पीड़िता के परिवार से मुलाकात कर उत्तर प्रदेश की महिला आयोग की अध्यक्ष ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का आश्वासन दिया है। साथ ही पीड़िता के परिवार से समझौता न करने के लिए कहा है।

Image

महिला आयोग की अध्यक्ष ने की रेप पीड़िता के परिवार से मुलाकात

Photo : iStock

UP: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में दुष्कर्म पीड़िता के परिवार से उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान ने बुधवार को मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिवार को आश्वासन दिया कि फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए उन्हें न्याय दिलाया जाएगा। दरअसल, आगरा के थाना जगदीशपुरा में पांच साल की एक मासूम के साथ दुष्कर्म किया गया था। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले की जानकारी मिलने के बाद बुधवार को उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान आगरा के जगदीशपुरा पहुंची। यहां उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर मामले की समीक्षा की। साथ ही आरोपी को कड़ी सजा दिलाने का आश्वासन भी दिया।

आरोपी को मिलेगी सख्त से सख्त सजा

उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान ने कहा, "यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। मैं हमेशा ऐसे मामलों को रोकने की कोशिश करती हूं। आज जैसे ही मुझे इस मामले की जानकारी मिली, मैं बच्ची के घर गई और उस मंदिर में भी गई, जहां घटना हुई थी। बच्ची को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।"

उन्होंने कहा, "मैं इतना ही कहूंगी कि ऐसी घटनाओं को लेकर अभिभावकों को मजबूत होना चाहिए, ताकि दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाई जा सके। हालांकि, इस मामले में एक समय ऐसा भी हुआ, जब पीड़ित परिवार समझौता करने के लिए तैयार हो गया था। इससे कहीं न कहीं पुलिस पर सवाल उठता है। मगर इस केस में पुलिस ने ही पीड़ित परिवार को समझाया था कि समझौता न करें। जो भी हकीकत है, उसे पुलिस के सामने रखें। मुझे लगता है कि इस केस में ऐसी कोई संभावना नहीं है कि दोषी को बचाया जा सके। मैं अभिभावकों को भी बाल अपराधों के प्रति जागरूक होने की अपील करती हूं।" बबीता चौहान ने बताया कि महिला आयोग की तरफ से इस प्रकार के मामलों में पैरवी की जाएगी। मुझे उम्मीद है कि फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए इस मामले में 15 दिन के अंदर नतीजा आ जाएगा, ताकि आरोपी को कड़ी सजा दिलाई जा सके।

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article